आवाज़: सतपुली-मैंदोली-जयहरीखाल वैकल्पिक मोटर मार्ग की जल्द मरम्मत कराने की मांग
कोटद्वार। जयहरीखाल ब्लॉक के ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने बरसात से खस्ताहाल सतपुली-मैंदोली-जयहरीखाल मोटर मार्ग की मरम्मत और रखरखाव की मांग की है। मार्ग की हालत खराब होने से वाहन नहीं गुजर पा रहे हैं, जिससे चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग का इस्तेमाल गुमखाल से सतपुली जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। वर्तमान में गुमखाल और सतपुली के बीच पौड़ी नेशनल हाईवे पर चौड़ीकरण का कार्य होने से हाईवे के लगातार अवरुद्ध रहने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने इस संबंध में लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज को ज्ञापन भेजा है। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने ज्ञापन में कहा कि पौड़ी नेशनल हाईवे के रास्ते जहां सतपुली से जयहरीखाल की दूरी 25 किमी है। वहीं, सतपुली से वाया मैंदोली जयहरीखाल की दूरी महज 16 किमी ही है। वर्तमान में रखरखाव के अभाव में प्रांतीय खंड लोनिवि लैंसडौन के सतपुली-मैंदोली-जयहरीखाल मोटर मार्ग की हालत बेहद बदहाल है। मार्ग पर कई जगह मलबा, बोल्डर पड़े हुए हैं। मार्ग की दयनीय स्थिति के कारण अधिकांश ग्रामीणों को मजबूरी में पौड़ी नेशनल हाईवे से होकर जयहरीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार आवाजाही करनी पड़ रही है। इससे उनका समय और धन दोनों का अपव्यय हो रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि इस मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण से जनपद की एक बड़ी आबादी को गुमखाल और सतपुली के बीच पौड़ी नेशनल हाईवे अवरुद्ध होने पर इस मार्ग से आवाजाही की सुगम सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने जनहित में इस मोटर मार्ग का निर्माण करा सुगम आवाजाही की सुविधा प्रदान करने की मांग की है। ज्ञापन भेजने वालों में गढ़कोट के पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह रावत, पूर्व प्रधान मदन सिंह पंवार, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य किरन रौतेला, मनीष सिंह रौतेला, जगदीश सिंह रौतेला व महावीर सिंह रावत आदि शामिल थे।

