विवाद: ठेले पर चाउमीन खाने के बाद पानी न मिलने पर दो पक्षों के बीच मारपीट, मुकदमा दर्ज

विवाद: ठेले पर चाउमीन खाने के बाद पानी न मिलने पर दो पक्षों के बीच मारपीट, मुकदमा दर्ज
Spread the love

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के जमालपुर में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट और गर्म तेल फेंकने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रमा विहार कॉलोनी, जमालपुर निवासी विनीत कुमार पुत्र सुरेश चंद्र ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि 19 अक्तूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे वह खाद्य गोदाम के पास राणा कॉम्प्लेक्स के सामने चाउमीन की ठेली लगाए था। इसी दौरान तीन से चार लोग, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं, उसके ठेले पर आए और चाउमीन खाई। खाना खाने के बाद जब उन्होंने पानी मांगा तो विनीत ने बताया कि ठेले पर पानी खत्म हो गया है। इस बात पर सभी भड़क गए और गाली गलौज करने लगे। विनीत ने जब विरोध किया तो उनमें से एक युवक ने उसके साथ धक्का मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। झगड़े के दौरान एक व्यक्ति पर कढ़ाई का गर्म तेल भी उलट गया। दूसरे पक्ष के द्वारिका विहार गुरुकुल कांगड़ी निवासी चंदा पुत्र अछले ने भी शिकायत कर बताया कि रात वो अपने परिवार के साथ एक रेडी पर चाउमीन खाने रुका था। ठेले पर दीपक प्रजापति उर्फ दीपू नामक व्यक्ति चाउमीन बेच रहा था। खाना खाने के बाद जब चंदा के बेटे अमित ने पानी मांगा, तो दीपक ने उल्टे तेवर दिखाते हुए पानी देने से मना कर दिया। जब अमित ने कहा कि ठेले पर पानी रखा है, तो दीपक भड़क उठा और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने अमित से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान चंदा की पत्नी ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो दीपक ने उसके साथ भी धक्का मुक्की कर कपड़े फाड़ दिए। बात बढ़ने पर आरोपी ने कढ़ाई में खौलता हुआ तेल अमित के चेहरे पर फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। तेल की छींटें चंदा की पत्नी और छोटे बच्चों पर भी पड़ीं। परिवार ने किसी तरह घायल अमित को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। कनखल थाना प्रभारी मनोहर सिंह रावत ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

Parvatanchal