संदेहास्पद: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता ने दामाद पर लगाया हत्या का आरोप
कोटद्वार। जयहरीखाल ब्लॉक के ग्राम लविंठा में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में मृतका के पिता ने दामाद पर पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता ने एसडीएम से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई साथ ही पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। ग्राम पजाई पट्टी तल्ला बदलपुर निवासी प्रेम सिंह ने बताया कि सात अक्तूबर को उसकी पुत्री अंकिता की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले में अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। जनसेवा मंच के सदस्य संतूदास, मृतका के पिता प्रेम सिंह ने बताया कि इस संबंध में शुक्रवार को एसडीएम शालिनी मौर्य से मुलाकात कर घटनाक्रम से अवगत कराते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसडीएम को बताया कि जांच धीमी गति से चल रही है।
प्रेम सिंह ने बताया कि और अक्तूबर की सुबह 11 बजे उन्हें उनकी पुत्री की तबीयत खराब होने के बारे में उसकी ससुराल से कॉल आई थी। दोपहर 12:40 बजे जब वह पुत्री की ससुराल पहुंचे तो पुत्री घर के अंदर बल्ली से लटकी मिली थी। उसके घुटने मुड़े हुए थे और पांव जमीन से लगे हुए थे। इससे अंकिता की मौत को लेकर संदेह है। यकीन है कि पुत्री की हत्या कर शव को छत की बल्ली से लटकाते हुए खुदकुशी का मामला बनाया जा रहा है। उन्हें दामाद व उसके तीन साथियों से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। एसडीएम ने बताया कि मामले की विवेचना सीओ कोटद्वार कर रहीं हैं।

