विवाद: पटाखा जला रहे युवकों पर फेंका तेजाब, लोगों ने अधमरा होने तक पीटा
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां पटाखे जलाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया है कि गुस्साए एक बुजुर्ग ने तीन युवकों पर तेजाब फेंक दिया, जिस कारण एक युवक गंभीर रूप से तो दो आंशिक रूप से झुलस गए। इस घटना के बाद मौके पर लोगों ने बुजुर्ग को जमकर पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद अधमरी हालत में बुजुर्ग को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे युवक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पटाखा जला रहे युवकों पर बुजुर्ग ने फेंका तेजाब: जानकारी के मुताबिक, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के भिक्कमपुर गांव में बीती रात दीपावली पर सौरभ, राहुल और दीपक पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान गांव के ही गोवर्धन (उम्र 60 वर्ष) का पटाखे जलाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर गोवर्धन ने तीनों युवकों पर तेजाब फेंक दिया। जिस कारण से सौरभ बुरी तरह झुलस गया। जबकि, दोनों युवक आंशिक रूप से झुलस गए।
गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बुजुर्ग को पीट-पीटकर अधमरा किया: तेजाब फेंकने की घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने गोवर्धन की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई के कारण बुजुर्ग अधमरा हो गया। युवकों के परिजन अधमरी हालत में गोवर्धन को पुलिस चौकी लेकर पहुंचे और पुलिस के हवाले कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने गोवर्धन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे सौरभ का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
तेजाब फेंकने के दौरान नशे में धुत बताया जा रहा बुजुर्ग: बताया जा रहा है कि जिस समय गोवर्धन ने तेजाब फेंकने की घटना को अंजाम दिया, उस समय वो नशे की हालत में था। रात में हुई इस घटना से दीपावली के रंग में भंग पड़ गया। वहीं, अब पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी।
“युवकों पर तेजाब फेंकने की घटना सामने आई थी। घटना के बाद आरोपी की लोगों ने पिटाई की, जिस कारण वो गंभीर घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
– वीरेंद्र सिंह, भिक्कमपुर चौकी इंजार्च

