हंगामा: ऋषिकेश के होटल में युवतियां कर रहीं थीं रैंप वॉक, तभी घुस आए हिंदू संगठन, हो गई तीखी बहस
ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक मॉडलिंग रिहर्सल के दौरान युवतियों द्वारा पश्चिमी कपड़ों में रैंप वॉक करने पर हिंदू संगठन ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि ये शहर की आध्यात्मिक छवि का अपमान है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दिवाली मेले के तहत लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल के आयोजन में शनिवार को एक होटल में युवतियां फैशन वॉक की प्रैक्टिस कर रही थीं। इसी दौरान राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए और इस एक्टिविटी पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पश्चिमी कपड़ों में रैंप वॉक ऋषिकेश की पहचान और सनातन मूल्यों के खिलाफ है। सनातन धर्म महिलाओं को शालीन वस्त्र पहनने की शिक्षा देता है। इस तरह के आयोजन सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब होटल मालिक के बेटे की प्रदर्शनकारियों से बहस हो गई। हालांकि, लोगों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत करा दिया। इस बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बहस के दौरान एक मॉडल अपनी बात पर अड़ी रही और हिंदू संगठन के लोगों से भिड़ गई। इस बीच लायंस क्लब के अध्यक्ष ने कहा कि ये शो मिस ऋषिकेश चुनने के लिए आयोजित किया जा रहा था और इसका उद्देश्य युवतियों को अवसर प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित करना था। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की धार्मिक या सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं है। यह युवाओं पीढ़ी को आगे बढ़ाने का एक जरिया है।

