आक्रोश: पेपरलीक मामले में कांग्रेसियों ने किया सीएम आवास का घेराव

आक्रोश: पेपरलीक मामले में कांग्रेसियों ने किया सीएम आवास का घेराव
Spread the love

देहरादून। पेपर लीक के मुद्दे पर आज कांग्रेस नेता सीएम आवास का घेराव करने के लिए राजधानी की सड़कों पर उतरे। ‘पेपर चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लिखी तख्तियां हाथों में लेकर जब हाथी बड़कला पुलिस स्टेशन पहुंचे तो वहां पुलिस द्वारा बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया। जहां सड़क पर बैठकर पार्टी नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं की मांग है कि सरकार पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच के दायरे को बढ़ाए तथा जांच को सिर्फ वर्तमान में हुए पेपर लीक तक सीमित न रखा जाए। यूकेएसएसएससी के माध्यम से शिक्षा और सहकारिता विभाग में पूर्व समय में हुई भर्तियों की भी जांच सीबीआई से कराई जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा  कि यह जांच हाई कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए तथा वर्तमान परीक्षा को रद्द किया जाए और नए सिरे से फिर परीक्षा कराई जाए। कांग्रेस नेताओं ने आयोग के अध्यक्ष को भी पद से हटाने की मांग की है।

कांग्रेस के इस आंदोलन पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चुटकी लेते हुए कहा है कि कांग्रेस नेताओं के पास कोई मुद्दा नहीं है। पहले कांग्रेस नेता यह बताएं कि वह सीबीआई जांच से खुश है या नहीं। साथ ही उन्होंने कहा है कि छात्रों के हित में हमें क्या करना है वह हम कर लेंगे। कांग्रेस नेताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है।

उधर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा सीबीआई जांच की बात कर छात्रों को धोखा दे रही है। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व सीएम हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक प्रीतम सिंह तथा गणेश गोदियाल, सूर्यकांत धस्माना, रणजीत सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, वीरेंद्र सिंह रावत, राजीव महर्षि, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा सहित सैकड़ो कार्यकर्ता शामिल थे।

 

Parvatanchal