शिकंजा: नशे के 200 इंजेक्शन समेत चढ़ा पुलिस के हत्थे, रोडवेज स्टेशन से व्यक्ति लापता

शिकंजा: नशे के 200 इंजेक्शन समेत चढ़ा पुलिस के हत्थे, रोडवेज स्टेशन से व्यक्ति लापता
Spread the love

हल्द्वानी। वनभूलपुरा पुलिस ने नशे के दो सौ इंजेक्शन के साथ एक आरोपी को दबोचा है। आरोपी यूपी के बहेड़ी से इंजेक्शन लाया था। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएचओ सुशील कुमार ने बताया कि सोमवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस व एसओजी ने गौला बाईपास रोड पर वनभूलपुरा के सामने से एक युवक को गुजरते देखा। युवक को रोककर तलाशी ली तो उसके पास से नशे के 200 इंजेक्शन बरामद हुए। आरोपी की पहचान जुबैर निवासी वार्ड-30, वनभूलपुरा के रूप में हुई है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रिच्छा, बहेड़ी के एक व्यक्ति से इंजेक्शन लेकर आया था।

गुरुग्राम निवासी व्यक्ति तीन महीने से लापता
गुरुग्राम निवासी एक व्यक्ति तीन महीने पहले हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन से लापता हो गया। लापता व्यक्ति के भांजे ने पुलिस को तहरीर देकर खोजबीन की मांग की है। हिमांशु नाम के युवक ने तहरीर देकर बताया कि उसके मामा देवीलालनगर, गुरुग्राम निवासी प्रकाश चंद्र 24 जून को किसी काम से रुद्रपुर के लिए निकले थे। वह पहले हल्द्वानी पहुंचे और यहां रुद्रपुर की बस का इंतजार कर रहे थे। इस बात की जानकारी उन्होंने फोन पर दी थी। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज करने के बाद ढूंढखोज की जा रही है।

Parvatanchal