सबक: मध्यप्रदेश के यात्रियों  पर भारी पड़ी बदमिजाजी,खाई में वाहन गिरने से सभी घायल

सबक: मध्यप्रदेश के यात्रियों  पर भारी पड़ी बदमिजाजी,खाई में वाहन गिरने से सभी घायल
Spread the love

चमोली।  बदरीनाथ धाम जा रहे मध्यप्रदेश के छह यात्रियों की ओर से आधी रात में किया गया बखेड़ा उन्हीं पर भारी पड़ गया। गोविंदघाट गुरुद्वारे में ठहरे यात्री रात में चालक से चाभी छीनकर उसका इनोवा वाहन ले उड़े। पुलिस ने उन्हें मारवाडी चेक पोस्ट पर रोकने का प्रयास किया तो वे बैरिकेड को तोड़कर भाग गए। मारवाडी के पास वाहन पलट कर खाई में गिर गया। हादसे में तीन यात्री घायल हो गए, जबकि एक लापता हो गया, जिसे सर्च अभियान के बाद ढूंढ लिया गया। पुलिस मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
मध्यप्रदेश के छह यात्री ऋषिकेश से 16 सितंबर को बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आए थे। हाईवे पर रात में चलने पर रोक के चलते 11 बजे ऋषिकेश से उन्हें लाने वाले इनोवा वाहन चालक खजान सिंह गोविंदघाट में ही ठहरने की सलाह दी। इस पर उन्होंने गुरुद्वारे में कमरा ले लिया। बताया जा रहा है कि आधी रात वे किसी को बताए बिना ही वहां से निकल गए। इस दौरान होटल के पास खड़े चालक खजान से उनका विवाद हो गया।
उन्होंने चाभी छीनी और वाहन लेकर ज्योतिर्मठ की ओर भाग गए। स्थानीय लोगों ने भी इसका विरोध किया। धक्कामुक्की भी हुई। इस पर चालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोविंदघाट से 10 किमी ज्योंतिर्मठ की ओर मारवाडी पुल के पास पुलिस चेक पोस्ट में बैरिकेड लगाए, लेकिन वे बैरिकेड को तोड़ते हुए भाग गए। मारवाडी बैंड के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया। इस बीच पुलिस भी वहां पहुंच गई।
हादसे में घायल अवतार सिंह निवासी राजपुर थाना ककेरी शिवपुरी, उदयभान निवासी सुनारी थाना ककेरी, बदरी प्रसाद निवासी खेरा कोटिया थाना करेरा, हरिनाम सिंह निवासी सुनारी थाना करेरी जिला शिवपुरी (मध्यप्रदेश) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है। अन्य यात्री अरविंद सिंह निवासी बामरोल थाना भितरवाल जिला ग्वालियर, महेंद्र सिंह निवासी सुनारी थाना करेरी जिला शिवपुरी, बहादुर सिंह निवासी सुनारी थाना करेरी जिला शिवपुरी (मध्यप्रदेश) को मामूली चोटें आई हैं।
बहादुर सिंह लापता था। वह सुबह पास ही एक पत्थर की आड़ में छिपा मिल गया। बताया जा रहा है कि यात्रियों का पंजीकरण भी नहीं था। पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार का कहना है कि घायल व अन्य यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में जांच के बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।

Parvatanchal