बेख़ौफ़: जिला अस्पताल में तीमारदार का मोबाइल चोरी , घटना सीसीटीवी में कैद
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ बीडी पांडे जिला अस्पताल में सुरक्षा गार्ड की तैनाती और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के बाद भी रोगियों और तीमारदारों के साथ चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बीते रोज 17 सितंबर को सामने आया। आठगांव शिलिंग निवासी सुभाष राम ने बताया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब होने से वह अस्पताल में भर्ती है। देर शाम पौने सात बजे के करीब उनकी पत्नी हेमा देवी ने अपना मोबाइल फोन चार्ज में लगाया। इस दौरान पास में ही बैठा एक युवक जिसने मास्क पहना हुआ था। मोबाइल उठाकर फरार हो गया। बताया कि घटना सीसीटीवी में भी कैद हुई है। गुरुवार को सुभाष ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस ने चोर को पकड़ने की मांग की है। इधर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार का कहना है कि अस्पताल में लोग इलाज कराने पहुंच रहे हैं, लेकिन चोरों के आतंक के कारण अपना सामान गंवा रहे हैं। इससे पूर्व भी अस्पताल में चोरी की कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ मामलों में तो रोगियों का बैग ही चोरी हो गया। जिला अस्पताल की पीएमएस डॉ. भागीरथी गर्ब्याल का कहना है कि मोबाइल चोरी करने वाला आरोपी रोगी के पास ही एक तीमारदार की तरह बैठा हुआ था। कहा कि इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए वह लगातार वार्ड निरीक्षण के दौरान लोगों को जागरूक भी कर रही हैं।
कार में 26 पेटी शराब ले जाते हुए पकड़ा गया तस्कर
दूसरी ओर, गंगोलीहाट-दशाईथल मोटर मार्ग पर आबकारी विभाग ने एक कार से अंग्रेजी शराब पकड़ी। आबकारी विभाग ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार तड़के तीन बजकर 20 मिनट में क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कार यूके 05टीए 1442 की आबकारी टीम ने तलाशी ली तो कार से 26 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। विभाग ने कार में सवार बना निवासी हेम चंद्र पंत के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत कर उसे गिरफ़्तार कर लिया गया। टीम में प्रभारी आबकारी निरीक्षक एनएस मर्तोलिया, धर्मेंद्र सिंह चौहान, भुवन चंद्र चौसाली, पुष्कर सिंह, जौनी कुमार शामिल रहे।

