परेशानी: मलबा गिरने से कांडीधार-हिवाई मोटरमार्ग दो माह से बंद, ग्रामीण झेल रहे परेशानी

परेशानी: मलबा गिरने से कांडीधार-हिवाई मोटरमार्ग दो माह से बंद, ग्रामीण झेल रहे परेशानी
Spread the love

चकराता। तहसील के अंतर्गत कांडीधार-रेटाड़-हिवाई मोटर मार्ग बीते दो माह से भारी मलबे के कारण पूरी तरह अवरुद्ध है। जिससे स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। यह मोटर मार्ग करीब 12 गांवों को जोड़ने वाली प्रमुख कड़ी है। मार्ग बंद होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को आवागमन में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण विरेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि यह मोटर मार्ग कांडीधार, खोलरा, रेटाड़ हिवाई समेत कुल 12 गांव, मजरों को जोड़ता है जो लगभग एक माह से बंद पड़ा है। इस संबंध में उन्होंने नौ जुलाई को शिकायत सीएम पोर्टल पर दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को भी कई बार दूरभाष पर अवगत कराया गया, बावजूद विभाग ने मार्ग दुरुस्त करने की दिशा में कोई पहल नहीं की। ग्राम प्रधान महावीर सिंह, धनसिंह, जयपाल सिंह, सरदार सिंह, रण सिंह ने बताया कि मार्ग बाधित होने के कारण खेतों व बागानों से उपज की ढुलाई ठप है। सेब, आलू और अन्य बागवानी उत्पाद समय पर बाजार नहीं पहुंच पा रहे, जिससे काश्तकारों और बागवानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। वहीं, आपातकालीन स्थिति में वाहन न पहुंच पाने से ग्रामीणों का जीवन संकट में है। ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द मलबा हटवाकर मोटर मार्ग को खोला जाए ताकि सामान्य जनजीवन पटरी पर लौट सके। ग्रामीणों का कहना है कि चकराता के विधायक को भी मार्ग की स्थिति की जानकारी है, लेकिन अब तक विधायक स्तर पर भी कोई ठोस हस्तक्षेप देखने को नहीं मिला है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे। उधर, लोनिवि के सहायाक अभियंता आदित्यनाथ ठाकुर ने बताया कि यह मोटर मार्ग नया कटा है इसलिए पूरे मोटर मार्ग पर स्कबर नहीं है। मुख्य मोटर मार्ग भी बंद होने के कारण जेसीबी आगे नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीण मार्ग भी नहीं खुल पाया। इस मोटर मार्ग को खोलने के लिए जल्द जेसीबी भेज दी जाएगी।

Parvatanchal