सहायता: कांग्रेस ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए चंदा और विभिन्न सामग्री की एकत्रित

सहायता: कांग्रेस ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए चंदा और विभिन्न सामग्री की एकत्रित
Spread the love

देहरादून। शहर कांग्रेस ने देश भर में बरसात के कारण आई आपदा में पीड़ितों की मदद के लिए मसूरी विधानसभा क्षेत्र से आम जनता व व्यापारियों से चंदा, राशन व अन्य वस्तु एकत्र करने के लिए अभियान चलाया। बुधवार को लंढौर टिहरी बस स्टैंड से आपदा पीड़ितों के लिए चंदा व सामान एकत्र करने का अभियान शुरू किया। अभियान मलिंगार, लंढौर बाजार, कुलडी बाजार मालरोड तक चलाया गया। लोगों ने अपनी श्रद्धा से धन व सामान दिया। प्रदेश कांग्रेस की महामंत्री गोदावरी थापली ने कहा कि कांग्रेस ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में आपदा पीड़ितों के लिए यह अभियान शुरू किया है जो तीन दिन तक चलेगा। मसूरी के बाद देहरादून व पंचायत क्षेत्र में अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि बारिश के कहर से पूरा देश आपदाग्रस्त है लेकिन पहले उत्तराखंड के आपदा पीड़ितों के लिए किया जायेगा। उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं कि सरकार कुछ नहीं कर रही लेकिन हमारा मानना है कि बूंद बूंद से सागर भरता है अगर सरकार नहीं कर रही तो यह सभी का दायित्व है कि आपदा पीड़ितों की मदद की जाए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि मानवता के नाते उत्तराखंड में आपदा पीड़ितों की मदद करनी चाहिए। जितना भी सहयोग शहर से मिलेगा वह आपदा ग्रस्त क्षेत्र में जाएंगे व वास्तविक पीड़ितों को राहत सामग्री दी जायेगी। इस मौके पर पूर्व सभासद रमेश भंडारी, पालिका सभासद रूचिता गुप्ता, मेघ स्नेहा सिंह कंडारी, महेश चंद, गौरव गुप्ता, आरपी बडोनी, मंजू भंडारी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Parvatanchal