शातिर: अवैध वसूली कर रहा था नकली पुलिस कर्मी, असली पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार
देहरादून। पुलिस ने एक ऐसे शख़्स को गिरफ्तार किया है जो न केवल पुलिस की वर्दी पहन कर लोगों से अवैध वसूली करता था बल्कि पुलिस का फर्जी परिचय पत्र दिखा कर रौब भी गालिब करता फिरता था। मामला थाना वसंत विहार चौकी, इंदिरानगर क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पुलिस के नाम पर ठेली फड़ वालों और वाहन चालकों आदि से पैसे वसूल रहा है। उक्त व्यक्ति पुलिस की वर्दी धारण किए हैं जो संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सूचना पर चौकी प्रभारी इंदिरानगर उपनिरीक्षक विकसित पंवार मय पुलिस बल के उक्त व्यक्ति की तलाश करते हुए शास्त्री नगर खाला से कांवली गांव जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंचे तो एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में एक स्कूटी वाहन संख्या uk07 डी पी 9474 से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोक कर चेक किया तो उक्त व्यक्ति ने खुद को उत्तराखंड पुलिस का कॉन्स्टेबल बताते हुए पुलिस विभाग का आईडी कार्ड दिखाया। लेकिन पोस्टिंग इत्यादि के संबंध में पूछताछ करने पर कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। शक होने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो उक्त व्यक्ति ने माफी मांगते हुए बताया कि वह कोई पुलिस वाला नहीं है।

उसने जो आई कार्ड पुलिस टीम को दिखाया है वह फर्जी है। उसने बताया कि वह एक गरीब व्यक्ति है जिसके पास घर घर चलाने का कोई भी साधन नहीं है। इसलिए वह पुलिस की वर्दी पहन कर पुलिस का रोब दिखाकर चलते फिरते रेहड़ी- ठेली वालों और किराए के वाहनों से चेकिंग आदि के नाम पर पैसे वसूल कर अपना खर्चा चलाता है। पूछताछ करने पर शख्स ने अपना नाम मुकेश कुकरेती (उम्र 34 वर्ष) पुत्र विशाल मणि कुकरेती, निवासी-194 शास्त्रीनगर, सीमद्वार, थाना- वसंत विहार देहरादून तथा मूल पता- रामनगर, शिव कॉलोनी, थाना- रायपुर, जनपद देहरादून बताया। मुकेश कुकरेती के कब्जे से उत्तराखंड पुलिस का एक पहचान पत्र, एक विजिटिंग कार्ड, एक वॉकी टॉकी प्राइवेट, एक पिस्टल हॉलस्टर, कुल 3400 रुपए एवं उत्तराखंड पुलिस की सिपाही की वर्दी, जैकेट, पेंट, बेल्ट जिसमें उत्तराखंड पुलिस के बैच लगे हुए बरामद हुए। वसंत विहार पुलिस के द्वारा मुकेश कुकरेती को गिरफ्तार कर उस के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 69/2022 धारा 170,171,419,420,468,471 आईपीसी दिनांक 14/03/2022 अभियोग पंजीकृत किया गया।
नाम पता अभियुक्त-
मुकेश कुकरेती (उम्र 34 वर्ष) पुत्र विशाल मणि कुकरेती निवासी 194 शास्त्रीनगर, सीमाद्वार, थाना वसंत विहार देहरादून
बरामद माल
1.उत्तराखंड पुलिस का फर्जी पहचान पत्र
2.उत्तराखंड पुलिस पैटर्न सिपाही की वर्दी खाकी जैकेट खाकी पेंट काले रंग की बेल्ट वह काले रंग के जूते
3.एक विजिटिंग कार्ड
4. एक होलस्टर
5.एक प्राइवेट हैंडसेट वॉकी टॉकी
6.कुल 3400 रू.
7.एक स्कूटी एक्टिवा 5G वाहन संख्या UK07 DP9474
अभियुक्त को पकड़ने वाली पुलिस टीम-
1.उप निरीक्षक विकसित पंवार, चौकी प्रभारी इंदिरा नगर
2. कांस्टेबल 1776 डम्बर सिंह
3.कांस्टेबल 576 रामनारायण
