शाबाश : दून पुलिस ने दिखाई मानवता और संवेदनशीलता, गुमशुदा बच्चों को 24 घंटे में कर लिया सकुशल बरामद

शाबाश : दून पुलिस ने दिखाई मानवता और संवेदनशीलता, गुमशुदा बच्चों को 24 घंटे में कर लिया सकुशल बरामद
Spread the love

देहरादून। महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा के प्रति अपनी संवेदनशीलता को प्रदर्शित करते हुए दून पुलिस ने गुमशुदा दो नाबालिक बच्चों को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उनके परिवार को सौंप दिया। घटना विकासनगर क्षेत्र की है, जहाँ 6 सितंबर की शाम दो भाई ट्यूशन जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चार अलग–अलग टीमों का गठन कर बच्चों की तलाश में व्यापक अभियान चलाया गया। कंट्रोल रूम से सूचना प्रसारित कर आसपास के जिलों और राज्यों को अलर्ट किया गया। बच्चों की पहचान हेतु सोशल मीडिया पर फोटो साझा किए गए। पुलिस ने संभावित मार्गों, मुख्य बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर 200 से अधिक CCTV फुटेज चेक किए और बच्चों के ट्यूशन सेंटर तथा दोस्तों से बातचीत कर सुराग जुटाए।
अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने 7 सितंबर को दोनों बच्चों को जीवनगढ़ क्षेत्र में उनके दोस्त के घर से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि ट्यूशन न जाने पर पिता द्वारा डाँट दिए जाने के डर से वे घर छोड़ कर दोस्त के पास चले गए थे। दोस्त ने परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन बच्चों ने डर के कारण उसे रोक दिया।
दून पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की परिजनों ने सराहना की और अपराध नियंत्रण तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जन सुरक्षा में पुलिस की मानवीय भूमिका की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस की सतर्कता और समर्पण ने यह साबित कर दिया कि वह आम जनता के विश्वास और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Parvatanchal