असुविधा: थानो पीएचसी में डाक्टरों के नहीं मिलने से आए दिन परेशान रहते हैं मरीज
डोईवाला। डोईवाला विधानसभा के पहाड़ी क्षेत्र के लिए एक मात्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थानो में मरीज डॉक्टर के आने मिलने का इंतजार करते है। मगर वीआईपी और चारधाम यात्रा ड्यूटी के चलते कई बार डॉक्टर नहीं मिल पाते हैं, जिससे मरीजों को परेशानी होती है। यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी क्षेत्र के लिए बहुत जरूरी है। क्योंकि यह पहाड़ी क्षेत्र सनगांव, सिंधवाल गांव, नाही कला, थानो आदि लगते है। यहां पहाड़ी क्षेत्र के लोग स्वास्थ्य खराब होने पर दवाई लेने आते हैं। इन दिनों बरसात भी चल रही है, वहीं ग्रामीणों को खांसी जुकाम बुखार भी हो रहे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य थानों अमित कुकरेती ने बताया कि थानों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक मुख्य एलोपैथिक डॉक्टर की नियुक्ति हैं। मगर वह अधिकांश वीआईपी ड्यूटी, चारधाम यात्रा ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। यहां तैनात फार्मासिस्ट ही ग्रामीणों को दवाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाते हैं तो डॉक्टर नहीं मिलते।
सीएमएस रायपुर डॉ. प्रताप सिंह रावत ने कहा कि थानो पीएचसी में एलोपैथ, आयुष और होम्योपैथी के तीन डॉक्टर तैनात हैं। लगातार डॉक्टर रहते हैं, एलोपैथ वाले डॉक्टर की कभी कभी इमरजेंसी, वीआईपी, पोस्टमार्टम ड्यूटी लगती है। उनकी ड्यूटी या छुट्टी के बाद आयुष एवं होम्योपैथी वाले डॉक्टर देखते हैं। समन्वय से कार्य को निर्देशित किया है। तीन फार्मासिस्ट, दो नर्सिंग स्टाफ, एक वार्ड ब्वॉय एवं एक स्वच्छक है। मरीजों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।

