आफ़त: किसानों के लिए सर दर्द बने जंगली जानवर, 20 बीघा फसल कर डाली बर्बाद
ऋषिकेश। उत्तराखंड के डोईवाला और आसपास क्षेत्र में एक ओर लगातार हो रही बारिश आमजन और किसानों के लिए मुसीबत बन चुकी है। तो दूसरी ओर अब जंगली जानवर भी किसानों के लिए सर दर्द बन चुके हैं। आए दिन जंगली जानवर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। राजाजी नेशनल पार्क से सटे बुल्लावाला गांव में आए दिन जंगली जानवर किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। ऐसे में किसान खून के आंसू बहाने को मजबूर हैं। किसान रणजोध सिंह ने बताया कि गांव में लगातार जंगली जानवरों की आवाजाही से किसान विमल शर्मा, नीरज शर्मा, लीला सिंह, ज्योति राम, ओमप्रकाश आदि की बीसों बीघा गन्ने की फसल तबाह हो गयी है। जिससे किसानों की मेहनत पर पूरी तरह पानी फिर गया है। ऐसे में किसानों की आए का एक मात्र जरिया ही खत्म हो जायेगा, तो किसान क्या खायेंगे। इसके लिये उन्होंने पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग के साथ जंगली जानवरों की आवाजाही पर भी रोक लगाने की मांग की। क्षेत्र पंचायत सदस्य आशिया परवीन ने कहा कि बुल्लावाला के किसान अत्याचार सहन नही करेंगे। किसानों की समस्या का शीघ्र समाधान नही किया गया तो, ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं इस मामले को लेकर ग्राम प्रधान परमिंद्र सिंह, ग्राम पंचायत सदस्य बसारत अली, शिव प्रसाद सती, कुसुम शर्मा, विनोद रौथाण, पदम सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता जावेद हुसैन, शुभम काम्बोज ने भी वन विभाग को शीघ्र कार्यवाही करने व समाधान करने की मांग की।

