हमला: अब नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य हुए हमलावर , बीजेपी पर धन उगाही का लगाया आरोप
देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ हरक सिंह रावत के बीजेपी द्वारा 30 करोड़ की एफडी कराए जाने वाले बयान से प्रदेश की राजनीति में घमासान मचा हुआ है। अब डॉ हरक सिंह रावत के बयान का नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी समर्थन किया है। यशपाल आर्य ने कहा कि जब वो बीजेपी में थे तो उन्होंने भी आजीवन सहयोग निधि में चेक के जरिए रुपए दिए थे। यशपाल आर्य ने तो चैलेंज देते हुए ये कहा कि यदि सरकार ईमानदार है तो बीजेपी संगठन ने आजीवन सहयोग निधि से जो धन इकट्ठा किया है, उसे सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि तस्वीर साफ हो जाए।
डॉ हरक सिंह रावत के आरोपों पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि ये बीजेपी के लिए बड़ा बम है, जिसका तोड़ बीजेपी के पास नहीं है। बीजेपी के लोग नैतिक आधार खो चुके हैं। हरीश रावत ने कहा कि डॉ हरक सिंह रावत के बयान के बाद अब साफ हो गया है कि बीजेपी ने सिर्फ पार्टी चलाने के लिए नहीं बल्कि अपना घर भरने के लिए भी जनता को लूटा है। बीजेपी के माफिया के साथ संबंध थे, जिसका खुलासा डॉ हरक सिंह रावत ने किया है।

