दहशत: खतरे के निशान पर पहुंचा यमुना का जल स्तर, तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों में खलबली
विकासनगर। झमाझम बारिश से यमुना का जल स्तर एक बार फिर तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों की चिंता को बढ़ाने लगा है। रविवार को जल स्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया, जल स्तर बढ़ने से प्रशासन सतर्क हो गया है। हालांकि प्रशासन का दावा है कि अभी कोई खतरा नहीं है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। बावजूद इसके तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों को यमुना की लहरें डरा रही हैं। टौंस का जल स्तर भी चेतावनी निशान के करीब पहुंच गया है। रविवार को टौंस चेतावनी के निशान से मात्र एक मीटर नीचे बह रही थी। रविवार सुबह यमुना का जल स्तर 455.37 मीटर पर दर्ज किया गया जो खतरे के निशान भी है। बीते दस दिनों से लगातार यमुना के जल स्तर में वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालांकि अभी तक जल स्तर ने खतरे के निशान को पार नहीं किया है, लेकिन तटवर्ती बस्तियों से टकरा रही यमुना की लहरें लोगों में दहशत पैदा कर रही हैं। ऊपरी कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश के कारण जल स्तर में वृद्धि दर्ज की जा रही है। बारिश का दौर जारी रहा तो जल स्तर के खतरे के निशान को पार करने की आशंका बनी हुई है, जिससे निचले इलकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि टौंस का जल स्तर में रविवार को कुछ गिरावट दर्ज की गई, जो चेतावनी स्तर से नीचे पहुंच गया। उधर, प्रशासन का दावा है कि नदियों के जल स्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। डाकपत्थर बैराज और इच्छाड़ी बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे बहाव में सुधार हुआ है। एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि यमुना और टौंस के जल स्तर को लेकर यूजेवीएनएल, डाकपत्थर बैराज प्रबंधन और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। इसके साथ ही नदियों के ऊपरी कैचमेंट एरिया में नदियों के बहाव की जानकारी लेने के लिए स्थानीय प्रशासन से संपर्क बना हुआ है।
त्यूणी में टौंस नदी उफान पर, खतरे की जद में नया बाजार
उधर, टौंस नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया। टौंस के उफान और बहाव से नया बाजार, गुटियाखाटल बस्ती पर खतरा मंडराने लगा है। तहसील प्रशासन और थाना पुलिस ने नया बाजार, गुतियाखाल के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आबादी क्षेत्र में अलर्ट जारी किया है। लोगों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क किया गया है। लगातार हो रही बारिश से पावर नदी और टौंस नदी के जल स्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। जिससे जेपीआरआर राष्ट्रीय राजमार्ग पर टौंस नदी किनारे बसा नया बाजार गुतियाखाल को खतरा बढ़ गया है। नदी का बहाव व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की नींव का छू रहा है, जिससे इन भवनों को खतरा पैदा हो गया है। थाना पुलिस ने बाजार में मुनादी कर लोगों को अलर्ट रहने, नदी से सटे भवनों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन तंत्र, जल पुलिस, राजस्व पुलिस भी अलर्ट मोड पर हैं। टौंस की सहायक नदियों पावर, रूपीन, सुपिन का भी लगातार बढ़ रहा जल स्तर पर चिंता का कारण बना हुआ है। तीनों नदियों में बढ़े पानी का असर टौंस के जल स्तर पर पड़ेगा, जिससे खतरा अधिक हो सकता है। तात्कालिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने त्यूणी बाजार से लेकर उत्तरकाशी के मोरी, नैटवाड़, खूनीगाड़, ठडियार में भी अलर्ट जारी किया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीर रावत, यशपाल ठाकुर, जगत नायक, बलबीर सिंह, जगजीत सिंह, रमेश चौहान, कन्नी चौहान आदि ने बताया कि अभी नदी किनारे के बाजार को खाली नहीं किया गया है। व्यापारी लगातार नदी के जल स्तर पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन के साथ मिलकर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। उधर, एसडीएम प्रेमलाल ने बताया कि त्यूणी बाजार के हालात पर लगातार निगरानी की जा रही है। जल स्तर के कम नहीं होने पर तटवर्ती बाजार को खाली करा दिया जाएगा।

