मातृशक्ति: पौड़ी गढ़वाल जिला पंचायत को लगातार तीसरी बार मिली महिला अध्यक्ष
पौड़ी। जिला पंचायत पौड़ी को लगातार तीसरी बार महिला जिला पंचायत अध्यक्ष मिली है। इस बार पौड़ी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी रचना बुटोला ने जीत हासिल की है। रचना बुटोला ने धौलकंडी सीट से पूर्व शिक्षामंत्री नरेंद्र सिंह भंडारी के पुत्र दीपेंद्र भंडारी को हराकर अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। पौड़ी जिला पंचायत में साल 2014 में कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति सिंह ने जीत हासिल कर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया था। इसके बाद साल 2019 में बीजेपी की शांति देवी ने जीत हासिल की थी। रचना बुटोला ने दूसरी बार धौलकंडी जिला पंचायत सीट से सदस्य का चुनाव जीता। उनको भाजपा ने इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष की महिला सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित किया था। उन्होंने अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका ईष्टवाल को एकतरफा हराकर जीत हासिल की। रचना बुटोला को 33 तो दीपिका ईष्टवाल को मात्र 5 वोट ही मिले। उधर,धुमाकोट में ब्लाक प्रमुख में भाजपा को मिली जीत। नैनीडांडा विकासखंड में क्षेत्र पंचायत प्रमुख चुनाव में भाजपा को विजय मिली। भाजपा प्रत्याशी प्रकीर्ण नेगी ब्लॉक प्रमुख, रेखा देवी ज्येष्ठ उप प्रमुख व राजेंद्र सिंह पटवाल कनिष्ठ उप प्रमुख चुने गए। ब्लॉक प्रमुख पद पर प्रकीर्ण नेगी को 26 में से 15 मत मिले जबकि प्रतिद्वंद्वी अनीता मधवाल को 11 मत मिले। ज्येष्ठ उप प्रमुखपद पर रेखा देवी को भी 15 मत मिले जबकि प्रतिद्वंद्वी संजयपाल सिंह को 11 मत मिले। कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर राजेंद्र सिंह पटवाल को 16 मत मिले जबकि प्रतिद्वंद्वी उपदेश सिंह बिष्ट को 10 मत मिले। विजयी टीम को भाजपा कार्यकर्ताओं व क्षेत्र के लोगों ने बधाई व शुभकामनाएं दीं।

