जिला पंचायत अध्यक्ष: जीत हासिल करने पर कांग्रेस ने गली-मोहल्लों से सड़कों तक मनाया जश्न

जिला पंचायत अध्यक्ष: जीत हासिल करने पर कांग्रेस ने गली-मोहल्लों से सड़कों तक मनाया जश्न
Spread the love

देहरादून।   पहले जिला पंचायत सदस्य, फिर ब्लॉक प्रमुख और अब जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर डोईवाला की सदस्य के निर्वाचन के बाद से कांग्रेस में जश्न का माहौल है। डोईवाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोहरी खुशी का जमकर इजहार किया। उन्होंने ढोल-नगाड़े बजाते हुए सड़कों पर खूब आतिशबाजी की। मिठाईयां बांटने के दौरान नवनिर्वाचित प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि मतदाताओं ने विकास पर मुहर लगाई है। कहा सिर्फ कांग्रेस ही है, जिसके विकास की दूरगामी सोच है। भाजपा लोगों को गुमराह कर खुद के हित साधने वाला संगठन है। गुरूवार को डोईवाला में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य मार्ग से लेकर गली-मोहल्लों जश्न मनाते हुए दिखे। प्रमुख गौरव चौधरी के जुलूस में कार्यकर्ताओं ने जीत के जश्न में खूब डांस भी किया। अबीर-गुलाल उड़ाते हुए बोले यही असली लोकतंत्र है। वहीं, प्रमुख गौरव ने कहा कि डोईवाला और आसपास क्षेत्र में कांग्रेस ने ही राज्य गठन के बाद विकास की नींव रखी थी। पार्टी जब भी राज्य में सत्ता में आई, तो अंतिम व्यक्ति तक कल्याकारी योजना और विकास पहुंचाने का काम किया। कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश का विकास हो ही नहीं पाया। इस संगठन नेता खुद के स्वार्थों की पूर्ति में पहले भी लगे थे और मौजूदा समय में भी इनका यही हाल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के मतदाताओं ने पंचायत चुनाव में यह साफ कर दिया कि अब लोग भाजपा के बहकावे में आने वाले नहीं है। वह भाजपा के विकास विरोधी चेहरे का पहचान चुके हैं। उन्हें यह भी महसूस हो गया कि भाजपा के शासन में उनका कभी भला संभव ही नहीं है। जश्न में कांग्रेस के परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, नगर अध्यक्ष करतार सिंह नेगी, राजपाल खरोला, जयेंद्र रमोला, डॉ. केएस राणा, मनोज नौटियाल, सुरेंद्र खालसा, लक्ष्मण बिष्ट, राजेश कुमार, अब्दुल रज्जाक, राजेश गुरुग, ईश्वर चंद्र पाल, संदीप थापा, राकेश सिंह आदि मौजूद रहे। भाजपा नेता नजर ही नहीं आए डोईवाला। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में गुरुवार को खंड विकास कार्यालय के बाहर दिलचस्प स्थिति नजर आई। एक तरफ कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता मतगणना के दौरान डटे थे, जबकि भाजपा कार्यकर्ता नाममात्र के नजर आए। भाजपा प्रत्याशी मंजू नेगी सिर्फ पांच से सात कार्यकर्ताओं के साथ मतगणना स्थल पर पहुंचीं। इसी क्षेत्र से भाजपा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल और अन्य पदाधिकारियों की कमी भी महसूस की गई। हालांकि, यह नेता प्रत्याशी मंजू के नामांकन के दौरान जरूर बीडीओ कार्यालय में दिखे थे। राजनीतिक गलियारों में भी इस सियासी घटनाक्रम की खूब चर्चा हुई।

Parvatanchal