जायज़ा: मंत्री सतपाल महाराज ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा,बंद सड़कों को खोलने के दिए निर्देश
पौड़ी। लोनिवि एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बंद सड़कों को युद्ध स्तर पर खोलने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को पौड़ी पहुंचे लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज अफसरों की बैठक लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आपदा प्रभावितों के साथ प्रदेश सरकार खड़ी है और बजट की कोई कमी नहीं है। महाराज ने कहा कि अफसर हर हाल में अपने फोन को रिसीव करें और यदि किन्हीं कारणों से कॉल रिसीव न हो पाए तो बाद उसे वापस जरूर करें। लोनिवि मंत्री ने कहा कि आपदा से जिले में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जल्द ही यह काम पूरा कर लिया जाएगा। इसमें फसलों की क्षति को भी शामिल किया गया है। इस दौरान राशन से लेकर गैस सप्लाई और आपदा क्षेत्रों में बिजली और पानी की सप्लाई को भी ठीक किया जा रहा है अधिकतर क्षेत्रों में सप्लाई सुचारू भी कर दी गई है।

लोनिवि मंत्री ने कहा कि आपदा के मानकों के लेकर सीएम से भी वार्ता की जाएगी। कहा कि सड़कों को आपदा से हुई क्षति को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है। लोनिवि मंत्री ने बताया कि उनकी विधानसभा चौबट्टाखाल के कोटा निवासी रामेश्वरी देवी की मलबे में दबने से मौत हो गई थी। जिस पर उनके बेटे जीतेंद्र को 4 लाख की राहत राशि दे दी गई है। विधानसभा क्षेत्र में 107 परिवारों के घर आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त हुए है, इसमें से 73 परिवारों को 4 लाख 74 हजार तो जबकि एकेश्वर ब्लाक के बिडाला में देवेंद्र सिंह का भवन के क्षतिग्रस्त होने पर 1 लाख की राशि दी गई है। महाराज ने बताया कि 33 परिवारों को आशिंक क्षति रिपोर्ट की गई है उन्हे भी मुआवजा देने के निर्देश दिए गए है। इसी तरह से सिंवाल और सपतुली में पशुहानि के मामले में सामने आए है यहां भी राहत राशि दी जा रही है। बीरोंखाल की क्षतिग्रस्त 16 पेयजल योजनाओं को ठीक किया जा रहा है। वहीं 8 नहरें और बाढ़ सुरक्षा की एक योजना भी क्षतिग्रस्त है इसका आंकलन बनाया जा रहा है।


