आफ़त: परेशानी का सबब बने सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गौवंश निगम से की शिकायत
कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे निराश्रित सांडों और गायों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। ये सांड और गाय झुंड में घूमते हुए काश्तकारों की खेती पाती को नुकसान पहुंचा रहे हैं और भगाने पर हमलावर हो रहे हैं। रविवार को पूर्व सैनिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह रावत व पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पूर्व अध्यक्ष जी के बड़थ्वाल ने बताया कि शहर से गांव तक ऐसा कोई गली-मोहल्ला व वार्ड नहीं है, जहां पर ये घूमते न दिखाई देते हों। शहर में नेशनल हाईवे, स्टेशन रोड, देवीरोड, नजीबाबाद रोड, बदरीनाथ मार्ग, गोखले मार्ग, देवी मंदिर व भाबर रोड पर सांड व गाय हर रोज घूमते दिखाई दे रहे हैं। इनसे यातायात भी बाधित हो रहा है लेकिन जिम्मेदार चुप्पी साधे हुए हैं। बताया कि इस संबध में उनके द्वारा शिकायत करने पर नगर निगम के अधिकारियों का कहना था कि सांडों के लिए नंदीशाला बनाने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। नंदीशाला बनने के बाद समस्या का हल हो पायेगा।
अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त हुआ स्यालनी- जौरासी मोटर मार्ग
विकास खण्ड दुगड्डा के अंतर्गत स्यालनी- जौरासी मोटरमार्ग कुछ दिनों पूर्व हुई भीषण अतिवृष्टि के कारण जगह -जगह क्षतिग्रस्त हो चुका है। इस कारण मोटर मार्ग से जुड़े लगभग पांच गांवों के ग्रामीणों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। गांव वासियों ने बताया कि अतिवृष्ट के कारण सड़क के जगह-जगह पर क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण ग्रामीणों का मुख्य बाजार से संपर्क कट गया है। गांवों में सब्जी व दैनिक दिनचर्या के सामानों के वाहन न पहुंचने के कारण कई चीजों की कमी हो गई है। इससे सबसे अधिक परेशानी बीमार लोगों को हो रही है। उन्हें अस्पताल तक पहुंचाने के लिए लंबी दूरी तय कर मुख्य मार्ग तक पह़ुंचना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि इस संबध में उन्होंने क्षतिग्रस्त मोटरमार्ग का वीडियो क्लिप तैयार कर जिलाधिकारी पौड़ी, उप जिलाधिकारी तहसील कोटद्वार, अधिशासी अभियन्ता पीएमजीएसवाइ को प्रेषित कर मोटरमार्ग की दैवी आपदा मद के अन्तर्गत शीघ्र मरम्मत करने की मांग की है।

