अतिवृष्टि: लगातार हो रही भारी बारिश ने मचाई तबाही, विद्यालय को पहुंचा नुकसान
कोटद्वार। एकेश्वर प्रखण्ड के अन्तर्गत पब्लिक इण्टर कॉलेज सुरखेत में अतिवृष्टि के कारण भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान प्रयोगशाला में जलभराव होने, दो कक्षा कक्षों की छतों का प्लास्टर गिरने, क्रीड़ा मैदान की दीवार टूटने तथा चारदीवारी के नीचे भूस्खलन होने जाने से लाखों रुपये मूल्य की सम्पत्ति का नुकसान हुआ है। बुधवार को विद्यालय प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि पिछले दो -तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण विज्ञान उपकरण व सामग्री नष्ट हो गयी है। प्रयोगशालाओं के ऊपर बने दो कक्षा कक्षों की छतों का प्लास्टर नीचे गिर रहा है। क्रीड़ा मैदान के नीचे वाली दीवार क्षतिग्रस्त हो जाने से चहारदीवारी को खतरा उत्पन्न हो गया है। बताया कि दो वर्ष पहले भी 10 से 13 जुलाई 2023 तक अतिवृष्टि के कारण विद्यालय पारपरिसर में भू-धंसाव होने के कारण शौचालय की दीवार चारदीवारी और कक्षा कक्षों को नुकसान हुआ था जिसकी सूचना 13 जुलाई को आपदा कन्ट्रोल रूम चौवट्टाखाल में की गयी थी। राजस्व उपनिरीक्षक पट्टी भवालस्यूं भाग-1 के द्वारा स्थलीय निरीक्षण किये जाने के उपरान्त सिंचाई खण्ड श्रीनगर गढ़वाल के द्वारा क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों की मरम्मत हेतु आंगणन शीट तैयार करके दो लाख रुपये मूल्य का अनुमानित व्यय विवरण तैयार किया गया था लेकिन आज तक कोई मरम्मत कार्य नहीं हुआ है। उनके द्वारा इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी पौड़ी के साथ ही क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश सरकार के लोक निर्माण, पर्यटन, सिंचाई व जलागम प्रबंधन मंत्री सतपाल महाराज को पत्र द्वारा अनुरोध किये जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि अशासकीय विद्यालयों के प्रति उत्तराखण्ड सरकार की उदासीनता व सौतेला व्यवहार होने से इन शिक्षण संस्थाओं का अस्तित्व नष्ट होता जा रहा है।

