पंचायत चुनाव: पौड़ी गढ़वाल में जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर
पौड़ी । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के नतीजे देर रात घोषित हो गए। इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों के समर्थकों ने अच्छी जीत हासिल की है। हालांकि, जिला पंचायत सदस्य की कई सीटों पर भाजपा समर्थिक दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। लैंसडाउन सीट से भाजपा विधायक महंत दिलीप रावत की पत्नी नीतू रावत को कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटवाल ने हराया। वहीं खिर्सू से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व पूर्व ब्लॉक प्रमुख संपत सिंह को ग्वाड़ सीट पर कांग्रेस के चैत सिंह ने शिकस्त दी। इसके बावजूद भाजपा के 18, कांग्रेस के 16 और 4 निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी किस पार्टी के खाते में जाएगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन दोनों ही दल रणनीति बनाने में जुट गए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष की कमान किसके हाथ आती है।

