हत्याकांड: कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने गिरफ़्तार कर मैनेजर को भेजा जेल

हत्याकांड: कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने गिरफ़्तार कर मैनेजर को भेजा जेल
Spread the love

 

रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाषनगर में मंगलवार रात दो पड़ोसियों के बीच हुए मारपीट के बाद कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को मुख्य आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने के बाद चिकित्सकों ने विसरा रिपोर्ट प्रिजर्व कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी भगवानपुर स्थित एक बैटरी कंपनी में मैनेजर पद पर कार्यरत था। गंगनहर कोतवाली के इंस्पेक्टर आरके सकलानी ने बताया कि गुरुवार को पीएम रिपोर्ट आने की पूरी उम्मीद थी क्योंकि कुछ लोगों का कहना है कि मारपीट के दौरान हार्ट अटैक के कारण कारोबारी अजय माहेश्वरी की मौत हुई थी। हालांकि, मृतक अजय माहेश्वरी के बेटे नैतिक माहेश्वरी ने एक कंपनी में कार्यरत प्रोडक्शन मैनेजर अमित शर्मा, पत्नी दीपा शर्मा और नाबालिग बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है।
भगवानपुर में स्मैक के साथ एक गिरफ्तार
दूसरी ओर,  पुलिस ने एक युवक के पास से 4.67 ग्राम स्मैक बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि पुलिस टीम बुधवार रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान निवादा तिराहे के समीप एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया, जो पुलिस को देखते ही भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 4.67 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान सोनू उर्फ मुस्तफा, निवासी खेलड़ी, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।

Parvatanchal