एम्स: मरीजों की सुविधा के लिए नंदिनी फाउंडेशन ने 20 ह्वील चेयर एवं स्ट्रेचर किए भेंट
ऋषिकेश। नंदिनी फाउंडेशन ऋषिकेश की ओर से गुरुवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश को मरीजों की सुविधा के लिए 20 व्हील चेयर एवं स्ट्रेचर (ट्रॉली) भेंट की गई। संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी एवं नंदिनी फाउंडेशन के प्रमुख हर्षवर्धन शर्मा ने संस्था के कार्यकर्ताओं के साथ एम्स, ऋषिकेश प्रशासन को व्हील चेयर और स्ट्रेचर सौंपे। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा संस्थान को बीस व्हील चेयर और 10 स्ट्रेचर (ट्रॉलियां) भेंट की गई है। उन्होंने बताया कि एम्स में दिन प्रतिदिन पेशेंट्स की संख्या बढ़ रही है। उत्तराखंड ही नहीं उत्तर प्रदेश, हिमाचल, दिल्ली, हरियाणा, बिहार आदि प्रांतों से भी मरीज एम्स संस्थान में गंभीर रोगों के इलाज के लिए आ रहे हैं। लिहाजा कई बार मरीजों के आने से उपलब्ध संसाधन कम पड़ने लगते हैं। ऐसे में फाउंडेशन द्वारा मरीजों के निमित्त संस्थान को भेंट की गई व्हील चेयर ओर ट्रॉलियों का लाभ मरीजों को एंबुलेंस से इमरजेंसी, ट्रॉमा सेंटर एवं ओपीडी में चैकअप कराने में लाने ले जाने की सुविधा मिलेगी। जनसंपर्क अधिकारी ने संस्था द्वारा किए गए जनहित के इस पुनीत कार्य के लिए फाउंडेशन कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया है। इस अवसर पर संस्थान की डीन एकेडमिक प्रोफेसर जया चतुर्वेदी, मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. बी सत्यश्री, डीएमएस डॉ. रवि कालरा, डॉ. पुनीत धमीजा, एपीआरओ डॉ. श्रीलॉय मोहंती के अलावा श्रीभरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्न शर्मा, वरूण शर्मा, नगर निगम पार्षद राजेंद्र सिंह बिष्ट, रंजन अंथवाल व अशोक रस्तोगी आदि मौजूद थे।

