ख़तरनाक: बाइक से जा रहे दो युवकों पर मधुमक्खियों ने किया हमला, हालत गंभीर
विकासनगर। सुबह के वक्त रिश्तेदार के घर जा रहे दो युवकों पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह से ग्रामीणों ने दोनों को मधुमक्खियों से झुंड से बचाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मेहरावना गांव निवासी गोपाल दास पुत्र केसर दास और मनोज पुत्र फेटू दास बाइक से अपने किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। जब वे पुरोड़ी क्षेत्र के पास पहुंचे। तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से पीड़ित दोनों युवकों ने आसपास के गांवों में फोन कर मदद मांगी। जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को किसी तरह मधुमक्खियों से बचाकर चकराता अस्पताल ले गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकराता में तैनात चिकित्सक डॉ. प्रीतम सिंह ने बताया कि दोनों युवकों की स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है, यह कहना कठिन है कि उन्हें कितनी मधुमक्खियों ने काटा और वे कितनी जहरीली थी। परीक्षण के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को विकासनगर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

