शिकंजा: नाबालिग का अपहरण कर दुराचार करने का आरोपी गिरफ्तार

शिकंजा: नाबालिग का अपहरण कर दुराचार करने का आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। नाबालिग का अपहरण कर उसके साथ दुराचार करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नाबालिग को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। नाबालिग के बयानों के आधार पर आरोपी पर दुराचार व पोक्सों एक्ट की धारायें बढा दी गयी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेलाकुई निवासी महिला द्वारा थाना सहसपुर पर लिखित प्रार्थना पत्र दिया कि उनकी नाबालिग पुत्री उम्र 13 वर्ष घर से ट्यूशन के लिए गई थी, लेकिन वापस घर नहीं आई, जिसे ढूंढने का काफी प्रयास किया गया किन्तु उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह द्वारा नाबालिग की यथाशीघ्र बरामदगी हेतु पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिये गये। पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल के आस-पास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की सहायता से नाबालिग के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित कीं, साथ ही आस-पास के लोगों एवं बालिका के जानने वालों से पूछताछ की। इसमें बालिका को लविश कुमार नामक  एक युवक द्वारा बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाना प्रकाश में आया। इस पर पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी पतारसी करते हुए स्थानीय तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस टीम द्वारा किये जा रहे लगातार प्रयासों के परिणाम स्वरूप मिली सूचना पर राजा रोड से धूलकोट की ओर जाने वाले रास्ते से लविश कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी  कुन्डा पिनाई, थाना फलाउदा जिला मेरठ, हाल-बिन्नी चौक खैरी गेट, सेलाकुई को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से नाबालिग अपहृता को बरामद किया गया है। नाबालिग पीड़िता के बयानों साथ घटित अपराध व साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा उपरोक्त में दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट की धारा को बढ़ा दिया गया है।

 

 

Parvatanchal