हुनर: बच्चे ने निगल लिया 20 रुपये का सिक्का, डॉक्टरों ने ऑपरेशन करके निकाला
चम्पावत। उत्तराखंड के चम्पावत जिले के टनकपुर निवासी एक 11 वर्षीय बच्चे ने खेलते-खेलते 20 रुपये का सिक्का निगल लिया। जिसे सोमवार देर रात सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज कॉलेज भर्ती कराया गया। आधी रात में ईएनटी और एनेस्थीसिया विभाग की टीम ने जटिल ऑपरेशन के बाद गले में फंसे सिक्के को निकालकर बच्चे की जान बचाई। जानकारी के अनुसार, टनकपुर के ग्राम मनिहारगोठ निवासी एक दैनिक समाचार पत्र से जुड़े आबिद सिद्दीकी के 11 वर्षीय पुत्र मोहम्मद सैफ ने सोमवार रात आठ बजे घर पर खेलते वक्त गलती से ₹20 रुपये का सिक्का निगल लिया। परिजनों ने उसे टनकपुर संयुक्त अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के बाद खटीमा के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन रात करीब एक बजे बच्चे को लेकर सुशीला तिवारी हल्द्वानी पहुंचे।
यहां ईएनटी विभाग के प्रोफेसर डॉ़ शहजाद अहमद की टीम ने बच्चे की जांच की तो सिक्का सांस की नली में फंसा दिखाई दे गया, जिसके बाद ऑपरेशन की तैयारी शुरू हुई इसके बाद प्रोफेसर डॉक्टर शहजाद अहमद की टीम ने आधी रात में लगभग 1:30 बजे गले के अंदर फंसे सिक्के को निकालकर बच्चे की जान बचा ली। उन्होंने बताया कि बच्चे की तबीयत सामान्य होने पर मंगलवार को उसे डिस्चार्ज करके घर भेज दिया गया।

