दुखद: बाइक सवार कांवड़िए समेत दो युवकों की अलग-अलग सड़क हादसों में मौत
काशीपुर। अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना में गांव गुलजारपुर में रहने वाला एक युवक यूपी के अफजलगढ़ में मंगलवार की देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आया गया था। वह हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने दोस्त के साथ बाइक से लौट रहा था। जबकि दूसरी घटना में तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। अफजलगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा बीते मंगलवार की देर रात करीब 9 बजे हुआ। ग्राम गुलजारपुर निवासी 22 वर्षीय राजपाल सिंह पुत्र गजेंद्र सिंह साथियों के साथ गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार गया था। वहां से गंगाजल लेकर वह अपने साथियों के साथ वापस आ रहा था कि अफजलगढ़ में उसकी बाइक पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। इस हादसे में राजपाल सिंह को गंभीर चोट आई, साथी शिवभक्तों ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना के बाद अफजलगढ़ के सीओ राजेश सिंह अस्पताल पहुंचे। परिजनों को सूचना देने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी घटना मंगलवार की आधीरात 12 बजे घटी। ग्राम रेंहटा में तेज गति कार चालक ने बाइक सवार 20 वर्षीय सोनू सिंह पुत्र धरम सिंह निवासी बल्ली बन्नाखेड़ा को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सोनू बाइक से फल की क्रेट देने के लिए बाजपुर गया था। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि युवक का शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कार चालक को हिरासत में ले लिया है।

