संदिग्ध: फार्म हाउस में अचेत पड़ा मिला ड्राइवर, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

संदिग्ध: फार्म हाउस में अचेत पड़ा मिला ड्राइवर, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
Spread the love

काशीपुर। काशीपुर में चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर निवासी राहुल (32) पुत्र सूरज पाल निजी वाहन चालक था। परिजनों के मुताबिक शनिवार की सुबह पन्नू फार्म से एक व्यक्ति उसे अपने साथ ले गया। सुबह लगभग साढ़े सात बजे उसके भाई संजय के पास पन्नू फार्म से फोन आया कि राहुल की अचानक तबीयत खराब हो गई है। संजय ने बताया कि जब वह लोग पहुंचे तो उसका भाई राहुल फार्म हाउस में ही एक सोफे पर अचेत अवस्था में पड़ा था। उसे कार से मुरादाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जब परिवार के लोग उसका शव लेकर वापस आए तो उसकी हत्या करने का आरोप एक व्यक्ति पर लगाकर हंगामा काटने लगे। इसी दौरान किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुंडा थाना प्रभारी हरेंद्र चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से व वीडियोग्राफी के साथ कराने की अनुमति मांगी जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। वहीं परिजनों का कहना है कि उसके हाथ के नाखून, हाथ व गले के पास नीले निशान हैं। बड़ी संख्या में लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। मृतक के तीन बेटे और पत्नी है।
—- फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मौजूदगी में हल्द्वानी में होगा पोस्टमार्टम कुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी ने बताया कि राहुल के पन्नू फार्म जाने की सीसीटीवी में पुष्टि हुई है। साथ ही जहां राहुल गया था वहां से हालत बिगड़ने पर कई अस्पतालों में ले जाया गया है। मामला संदिग्ध होने पर पोस्टमार्टम हल्द्वानी में फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मौजूदगी में पैनल से कराया जाएगा। साथ ही पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया दौरे पड़ने की बात भी सामने आ रही है।

Parvatanchal