हड़कंप: घर से निकलने के बाद दो नाबालिग लड़कियां लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज
विकासनगर। थाना सहसपुर क्षेत्र से दो नाबालिग बिना बताए घर से लापता हैं। परिजनों की ओर से काफी खोजबीन के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर नाबालिगों की खोजबीन शुरू कर दी है। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। थानाध्यक्ष सहसपुर शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि थाना क्षेत्र के दो लोगों ने अलग-अलग तहरीर दी है। एक ने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी शाम को करीब छह बजे घर से बिना बताए लापता हो गई। देर रात तक भी वह घर नहीं पहुंची। रिश्तेदारों, दोस्तों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। बताया कि एक अन्य नाबालिग गुरुवार को सुबह साढ़े सात बजे स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंची। बताया कि उसके परिजनों ने भी स्कूल, उसके दोस्तों, रिस्तेदारों के यहां उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका भी पता नहीं पाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों मामलों में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों की सकुशल बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों की तलाश की जा रही है।

