कांवड़ यात्रा: डीजे की प्रतिस्पर्धा को लेकर हो गया विवाद, दरोगा घायल,  चार गिरफ्तार

कांवड़ यात्रा: डीजे की प्रतिस्पर्धा को लेकर हो गया विवाद, दरोगा घायल,  चार गिरफ्तार
Spread the love

नारसन। कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे प्रतिस्पर्धा करने पर हंगामा हो गया। इस प्रतिस्पर्धा में अश्लील इशारे किए गए। पुलिस ने रोका तो जमकर नोकझोंक हुई। जब मामला बढ़ता गया तो पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को तितर-बितर किया। इस अफरा-तफरी में एक दरोगा भी जख्मी हो गए।
नारसन कस्बे के मोहम्मदपुर जटगांव में  देर रात गांव में कट के पास सड़क पर ही बुलंदशहर का डीजे राजपूत और गोस्वामी डीजे सिहानी गाजियाबाद के बीच प्रतिस्पर्धा हो रही थी। गोस्वामी डीजे पर चढ़कर एक यात्री अश्लील इशारे करने लगा। इसके साथ ही माइक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने लगा। ये देखकर मौके पर भीड़ जुट गई और सड़क पर जाम लग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और उन्हें समझाकर वहां से जाने को कहा लेकिन पुलिस की बातों को अनसुना कर दिया गया। तभी डीजे में शामिल एक किन्नर और उसके साथियों ने पुलिस से अभद्रता कर दी। मामला बढ़ता देख पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को खदेड़ा। इससे अफरातफरी मच गई। इसमें एक दरोगा नीचे गिरकर घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने किन्नर नेहा, कुशल कुमार, हिंमाशु, संगम निवासी नूरनगर सिहानी गाजियाबाद को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
देर रात डीजे को लेकर हुए विवाद के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। जब पुलिस ने लाठी फटकारी तो हड़कंप मच गया। डीजे वालों को पुलिस से उलझता देख दूसरा डीजे मौके से निकल गया। उसके साथ डीजे में शामिल युवक भी वहां से चले गए।

ये भी पढ़ें:   मुआयना: नगर आयुक्त ने किया शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण

Parvatanchal

error: कॉपी नहीं शेयर कीजिए!