राज-काज: स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने मेडिकल कॉलेज में रोपा पौधा, पार्किंग का किया निरीक्षण
श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत पौध रोपते हुए कहा कि वृक्ष हमारे धरोहर के साथ जीवन के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से एक-एक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का आग्रह किया। डॉ. रावत ने मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर इमरजेंसी में सीनियर डॉक्टर की मौजूदगी को आवश्यक बताया, ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। कहा कि अस्पताल की जिम्मेदारी मरीज को सुविधा देकर शीघ्र स्वस्थ बनाने की है। डॉ. रावत ने अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था को भी सुधारने के निर्देश दिए। कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीज और तीमारदार को उपचार से पहले साफ-सफाई और डॉक्टर की मौजूदगी दिखनी चाहिए, जिससे मरीज की मानसिक तौर पर बीमारी को कम किया जा सके। डॉ. रावत ने कलियासौड़ में बनने वाली पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण कर तहसील प्रशासन को पार्किंग स्थल की मौजूदा स्थिति को चिन्हित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आने वाले समय में पार्किंग के बन जाने से मां धारी देवी के दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं को गाड़ी पार्क करने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी बैठक में पूर्व प्राचार्य चंद्रमोहन सिंह रावत, सीएमएस डॉ. राकेश रावत, डिप्टी सीएमएस डॉ. हटवाल, मंडल अध्यक्ष भाजपा विनय घिल्डियाल, जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट, संजय गुप्ता आदि मौजूद रहे ।
दो सौ से अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों में भी पढ़ाया जाएगा योग
उधर, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कलियासौड़ में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में बताया कि उनके द्वारा विश्व में सबसे पहले उत्तराखंड में योग को वैलनेस सेंटर में प्रारंभ किया गया और राजकीय महाविद्यालयों में भी योग की शिक्षा प्रारंभ करने की प्रक्रिया गतिमान है। डॉ धन सिंह ने कहा कि अब जिन स्कूलों में छात्र-छात्राओं की संख्या दो सौ से अधिक है उनमें भी योग की शिक्षा को पढ़ाने और सिखाने की योजना वह बना रहे हैं। इससे छात्र-छात्राएं बचपन से ही योग को सीखने के साथ स्वस्थ रहेंगे। डॉ. रावत ने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक रूप से भी स्वस्थ रहने में मदद करता है। डॉ. रावत ने बताया कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ रह सके और योग को अपने जीवन में अपनाए।साथ ही योग प्रशिक्षकों को भी रोजगार देकर बेरोजगारी के कुछ अंश को मिटाया जा सके। इस मौके पर योग संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश भट्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,धारी देवी मंदिर के पुजारीगण आदि लोग मौजूद रहे।

