शिकंजा: दो नाबालिग लड़कियों को भगाने के मामले में दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
विकासनगर। दो नाबालिगों को बहला-फुसला कर भगाने के दूसरे आरोपी को भी सहसपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी और नाबालिगों को पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष सहसपुर शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि 16 जून को थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने तहरीर दी थी। बताया कि उसकी पुत्री और उसकी सहेली बिना बताए घर से गायब हो गई। उन्होंने मोहित जैन व भारत निषाद पर भगाने का शक जाहिर किया था। जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों और नाबालिगों की खोज शुरू की गई। जिसके बाद 26 जून को मुखबिर की सूचना पर अपहृर्ता और आरोपी मोहित पुत्र तेजराम निवासी ग्राम सिसोरा शाहजहांपुर यूपी को हाल निवासी चोईबस्ती चौई बस्ती रामपुर से गिरफ्तार कर नाबालिगों को सकुशल बरामद कर लिया गया था, लेकिन दूसरा आरोपी भारत निषाद पुत्र पाल निवासी लांघा रोड छरबा घटना के बाद से ही लागातार फरार चल रहा था। पुलिस ने रविवार रात को उसके घर लांघा रोड छरबा से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बताया कि नाबालिग के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो ऐक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

