मित्र पुलिस: गुमशुदा नाबालिग किशोरी को किया सकुशल बरामद,परिजनों की लौटी मुस्कान
देहरादून। मसूरी निवासी एक व्यक्ति की गुमशुदा नाबालिग पुत्री को दून पुलिस ने ग्यारह घंटे में सकुशल बरामद कर परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौटाई।
यहां पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मसूरी निवासी एक व्यक्ति द्वारा थाना मसूरी पर एक प्रार्थना पत्र दिया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री (उम्र 16 वर्ष) परिजनों के डाँटने पर नाराज होकर घर से बिना बताए कहीं चली गयी है। उनके द्वारा आस-पास के क्षेत्रों में तथा अपनी रिश्तेदारी में ढूंढने का काफी प्रयास किया गया किन्तु उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस ने बताया कि वादी की तहरीर पर थाना मसूरी में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रकरण की गंभीरता के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर नाबालिग युवती की बरामदगी के लिए तत्काल थाना मसूरी पर पुलिस टीम गठित की गयी। गठित टीम द्वारा वादी के घर के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से गुमशुदा नाबालिग के जाने वाले रास्ते के सम्बन्ध में जानकारी एकत्रित की गयी तथा व्हाट्सएप के माध्यम से गुमशुदा लड़की की फोटो को सर्कुलेट कर आस पास के थानों को बच्ची की तलाश हेतु अवगत कराया गया। पुलिस ने बताया कि इसके साथ ही सुरागरसी, पतारसी करते हुए पुलिस टीम द्वारा मैनुअल पुलिसिंग की सहायता से गुमशुदा नाबालिग के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई, तो गुमशुदा युवती के मानसा पंजाब क्षेत्र में होने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर तत्काल एक टीम को पंजाब रवाना किया गया।
पुलिस ने बताया कि टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए गुमशुदा लड़की को ग्राम बरेटा, थाना बरेटा, तहसील बुडलांढा, जिला मानसा, पंजाब से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। गुमशुदा नाबालिग की बरामदगी के लिए दून पुलिस द्वारा की गयी त्वरित कार्यवाही तथा प्रयासों की लड़की के परिजनों द्वारा प्रशंसा करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।

