मौसम अलर्ट: उत्तराखंड में फिर जमकर बरसेगा मानसून, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। आज प्रदेश में तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह ने आठ जुलाई के लिए रुद्रप्रयाग, टिहरी, बागेश्वर और देहरादून जिलों में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
इस बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण मलबा आने से सड़कें बंद हो गई हैं। यमुनोत्री हाईवे समेत कुल 67 सड़कें विभिन्न जिलों में बंद हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। राहत और बचाव दलों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है।चारधाम यात्रा पर निकले यात्रियों और आम लोगों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले मार्गों की स्थिति की जानकारी लें और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।
मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं और भूस्खलन की संभावना बनी हुई है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

