आश्चर्यजनक: नर्सिंग होम में महिला ने नेचुरल डिलीवरी से दिया चार स्वस्थ बच्चों को जन्म
हावड़ा। एक बच्चे को एक मां अपनी कोख में किस तरह से 9 माह रखती है वह तो मां को ही पता होता है। लेकिन अगर कोख में एक साथ 4 बच्चे पले तो उक्त मां को कितनी तकलीफें उठाना पड़ा होगा यह तो वह महिला ही जानती होगी। हावड़ा जिले के बगनान थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरकुल निवासी गृहिणी संगीता अधिकारी ने एक साथ चार स्वस्थ शिशुओं को जन्म देकर इलाके में आश्चर्य और खुशी का माहौल बना दिया। यह प्रसव बगनान के एक निजी नर्सिंग होम में हुआ, जहां डॉक्टरों और स्टाफ ने इस घटना को “अभूतपूर्व” बताया है। जानकारी के अनुसार, संगीता अधिकारी को शुक्रवार सुबह सात महीने की गर्भावस्था के दौरान प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी नर्सिंग होम ले गए। चिकित्सकीय निगरानी में उसी रात संगीता ने क्रमश: चार बच्चों को जन्म दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह प्रसव पूरी तरह सामान्य (नैचुरल) था, जो चिकित्सा दृष्टिकोण से अत्यंत दुर्लभ माना जाता है।
नर्सिंग होम प्रशासन के अनुसार, चारों नवजातों में दो पुत्र और दो पुत्रियां अभी नवजात इकाई में डॉक्टरों की निगरानी में हैं और सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल के प्रमुख चिकित्सक ने कहा, “यह हमारे लिए भी एक विलक्षण अनुभव है। एक साथ चार बच्चों का सामान्य प्रसव चिकित्सा इतिहास में बहुत कम देखने को मिलता है।”
संगीता अधिकारी और उनके परिवार के लिए यह पल अत्यंत हर्ष और उत्साह का रहा। परिजनों ने भगवान का आभार जताते हुए कहा कि यह उनके लिए दिव्य आशीर्वाद से कम नहीं। स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों ने भी नर्सिंग होम पहुंचकर नवजातों के जन्म पर बधाइयां दीं। सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैल रही है, और लोग मां व बच्चों के स्वस्थ रहने की कामना कर रहे हैं।

