हादसा: कार समेत उफनते नाले में बह गए दो लोग, एक बच गया, दूसरा अब तक लापता
संवाददाता
देहरादून, 10 सितंबर। उत्तराखंड में जाती हुई बरसात का कह़़र अब तक जारी है। आए दिन भारी बारिश के चलते कहीं न कहीं हादसा होने की खबरें आ रही हैं। ताज़ा मामला शहर के कारगी चौक का है जहां एक बड़ा हादसा होने के बाद एक शख्स के लापता होने की खबर आई है। खबर के अनुसार, रायपुर रोड निवासी कार सवार 2 लोग भारी बारिश के चलते नाले में आए उफान के तेज़ बहाव में गिर गए। नाले के उफ़ान में गाड़ी डूब गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक व्यक्ति को बचा लिया, लेकिन दूसरे का पता अब तक नहीं लग पाया है। गौरतलब है कि लगातार बारिश के चलते देहरादून समेत पूरे प्रदेश भर में नदी नाले उफान पर हैं।
जानकारी के अनुसार, देर रात जब दोनों युवा कार सवार मुस्लिम कॉलोनी से कारगी चौक की तरफ जा रहे थे तो स्थानीय लोगों ने उन्हें सचेत किया कि आगे नाले का बहाव तेज है इसलिए वे अभी आवाजाही ना करें लेकिन स्थानीय लोगों की सलाह अनदेखी कर दोनों आगे बढ़ गए और भारी बारिश से उफनाये नाले में बह गए। संयोग से मौके पर जमा लोगों ने एक को बचा लिया लेकिन दूसरा व्यक्ति उफनते नाले के तेज़ बहाव की भेंट चढ़ गया। समाचार भेजे जाने तक एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच कर सर्च अभियान चला रही थी।

