झटका: भाजपा नेता गोपाल सिंह बिष्ट व सुरेश भट्ट समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

झटका: भाजपा नेता गोपाल सिंह बिष्ट व सुरेश भट्ट समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल
Spread the love

 

अल्मोड़ा। पंचायत चुनावों की सरगर्मियों के बीच जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को भनोली में आयोजित पूर्व सैनिक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सम्मान समारोह के दौरान भाजपा को तगड़ा झटका देते हुए वरिष्ठ नेता गोपाल सिंह बिष्ट ने अपने लगभग पांच सौ समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने फूलमालाएं पहनाकर सभी का कांग्रेस परिवार में स्वागत किया और पार्टी की सदस्यता दिलाई।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता को लगातार गुमराह कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और लूट-खसोट चरम पर है और सरकार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को टालने के प्रयासों में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में न तो पारदर्शिता है और न ही जवाबदेही। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीते वर्षों में प्रदेश में जो भ्रष्टाचार हुआ है, वह एक रेकॉर्ड बन चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के भरोसे और विकास की भावना से काम करती रही है और भविष्य में भी करेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता के मुद्दों को लेकर कांग्रेस हर गांव और हर जनपद में सक्रिय भूमिका निभाए। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, विधायक मनोज तिवारी, ललित जोशी, महेंद्र मेर, पीतांबर पांडे, आनंद रावत, प्रशांत भैसोड़ा, कमल बिष्ट, प्रताप राम, कालू राम, मनोज रावत, दीवान सिंह भैसोड़ा, दीवान सतवाल, रमेश कांडपाल, पूरन बिष्ट, अंकुर कांडपाल, वीरेन्द्र बिष्ट, गणेश बिष्ट, संजय सिजवाली, हरीश जोशी, कुंदन गैड़ा, नंदा बल्लभ जोशी, गणेश प्रसाद, प्रकाश भारती और महिपाल समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
उधर,धौलादेवी ब्लॉक के तलचौंना गांव में मंगलवार को ही भाजपा को एक बड़ा झटका देते हुए पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान के जनसंपर्क अधिकारी रहे सुरेश चंद्र भट्ट ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। भट्ट ने दर्जनों समर्थकों के साथ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की मौजूदगी में कांग्रेस का हाथ थामा। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज भी मंच पर उपस्थित रहे। सुरेश भट्ट ने भाजपा छोड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। विकास के नाम पर स्वीकृत बजट का दुरुपयोग किया जा रहा है, जबकि जनता की समस्याओं को सुनना तो दूर, उनसे जुड़ी कोई गंभीरता तक नहीं दिखाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली और शासन व्यवस्था से निराश होकर पार्टी के कई कार्यकर्ता अब कांग्रेस का रुख कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में जनता कांग्रेस को समर्थन देगी और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन सुनिश्चित करेगी। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व प्रमुख धौलादेवी पीतांबर पांडे, डीसीबी के पूर्व अध्यक्ष दीवान सिंह भैसोड़ा, प्रशांत भैसोड़ा, राजेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष पूरन सिंह बिष्ट, महिला ब्लॉक अध्यक्ष लीला बिष्ट समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे। कांग्रेस में शामिल होने वालों में सुरेश भट्ट के साथ बसंती देवी, पीतांबर दत्त भट्ट, पूरन चंद्र भट्ट, जगदीश चंद्र भट्ट, गंगा सिंह, आनंद सिंह, चंदन पांडे, लीलाधर पांडे, देवीदत्त पांडे, राम सिंह नेगी, उमेश चंद्र पांडे, चंद्रमणि पांडे, हरीश चंद्र पांडे, दीवान सिंह आनी, शेर सिंह आनी, रूप सिंह खनी, शेखर पांडे और राधिका नेगी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।

Parvatanchal