शर्मनाक: नशे के लिए पैसे न मिलने पर सौतेले पिता ने कर दिया 19 साल की बेटी का कत्ल, आरोपी गिरफ्तार

शर्मनाक: नशे के लिए पैसे न मिलने पर सौतेले पिता ने कर दिया 19 साल की बेटी का कत्ल, आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे की लत में डूबे एक सौतेले पिता ने विवाद के दौरान अपनी 19 वर्षीय सौतेली बेटी की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।घटना सोमवार 23 जून की है। पीड़िता की मां रेखा, जो सी-7ए विज्ञानपुरी, महानगर लखनऊ में रहती हैं, ने पुलिस को बताया कि उन्होंने लगभग चार वर्ष पूर्व विकास चंद्र पांडे नामक व्यक्ति से हिन्दू रीति-रिवाज से विवाह किया था। यह उनकी दूसरी शादी थी। रेखा की पहली शादी से उनकी एक पुत्री सिमरन थी, जिसकी उम्र लगभग 19 वर्ष थी। रेखा के अनुसार, आरोपी विकास चंद्र पांडे नशे का आदी है और अक्सर नशे के लिए पैसे मांगते हुए घर में झगड़ा और मारपीट करता था। सिमरन भी आए दिन सौतेले पिता के दुर्व्यवहार का विरोध करती थी।     वारदात के दिन भी विकास ने नशे के लिए रेखा से पैसे मांगे और विवाद करने लगा। तभी सिमरन मां को बचाने के लिए बीच-बचाव में आई, जिस पर गुस्से में बेकाबू विकास ने घर में रखे धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया। रेखा ने जब बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उन्हें भी चाकू मार दिया। सिमरन गंभीर रूप से घायल होकर कमरे में गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे भाऊराव देवरस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रेखा को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।पुलिस को सूचना मिलते ही थाना महानगर की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और छानबीन शुरू की। आरोपी विकास चंद्र पांडे को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। वह मूल रूप से रीवा, मध्य प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में रेखा के साथ लखनऊ में रह रहा था।

पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।आरोपी के खिलाफ थाना महानगर में भारतीय न्याया संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले से ही झगड़ालू स्वभाव और हिंसात्मक प्रवृत्ति का था। उसकी गतिविधियों से परिवार में लंबे समय से तनाव था।घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल कर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Parvatanchal