बड़ा हादसा: बस और लोडर की भीषण टक्कर तीन की मौत, 14 घायल

बड़ा हादसा: बस और लोडर की भीषण टक्कर तीन की मौत, 14 घायल
Spread the love

देहरादून। पछवादून में सोमवार सुबह एक यात्री बस और लोडर वाहन की जोरदार टक्कर हो जाने से जहां तीन लोगों की मौत हो गयी, वहीं 14 लोग गम्भीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों व घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां घायलों की गम्भीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेन्टर रैफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह एक यात्री बस देहरादून से विकासनगर की ओर जा रही थी। इस दौरान जब बस सेलाकुई क्षेत्रांर्तगत शेरपुर गांव के निकट पहुंची तो अचानक एक लोडर वाहन उसके सामने आ गया, जिससे दोनो वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गये। स्थानीय लोगों का कहना है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गये। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि 14 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से तीनों मृतकों व घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां घायलों की गम्भीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेन्टर रैफर कर दिया गया हैै। वहीं मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

सड़क हादसे के बाद विकासनगर रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को हटवाया और अपने कब्जे में ले लिया। वहीं मृतकों के परिजनों को सूचना मिली तो उनके घरों में कोहराम मच गया। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार के कारण हादसे होते रहते हैं जिन्हें रोकने के लिए प्रशासन कार्यवाही नहीं करता है। वहीं प्रशासन द्वारा सभी घायलों का उचित उपचार कराने की बात कही जा रही है।

Parvatanchal