जन आक्रोश: ग्रामीणों ने भू-माफिया का जंगल से कब्जा हटाया,डीएफओ, रेंजर व फारेस्टर को सस्पेंड करने की मांग

जन आक्रोश: ग्रामीणों ने भू-माफिया का जंगल से कब्जा हटाया,डीएफओ, रेंजर व फारेस्टर को सस्पेंड करने की मांग
Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून में भूमाफियाओं के हौंसले कितने बुलंद हो चुके है इसकी बानगी नालापानी क्षेत्र के जंगल में सामने आयी है। यहां भूमाफिया द्वारा जंगल के बीचोंबीच निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। हालांकि मामले की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग व पुलिस की मौजूदगी में अवैध रूप से हुए इस कब्जे को हटा दिया। ग्रामीणों की मांग है कि क्षेत्र के डीएफओ, रेंजर व फारेस्ट गार्ड की मामले में मिली भगत है, इसलिए उनको संस्पेड किया जाये।
बता दें कि नालापानी क्षेत्र के खलंगा मार्ग पर हल्दूआम के पास जंगल में 40 बीघा जमीन पर भूमाफिया द्वारा कैंप लगाने की तैयारी शुरू कर दी गयी थी, जबकि मामले में वन विभाग बेखबर था। मामले की जानकारी जब ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध करना शुरू कर दिया और वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसने कोई कार्यवाही नहीं की। इस बात से गुस्साये ग्रामीण शनिवार की सुबह एकत्र हुए और उन्होंने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कब्जे वाली जगह पर धावा बोल दिया। मामले की जानकारी मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और उन्होंने ग्रामीणों को समझाया। लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक न सुनते हुए सारे अवैध अतिक्रमण को धराशायी कर के ही दम लिया। मामले में जब रायपुर पुलिस से जानकारी ली गयी तो पुलिस का कहना था कि अभी किसी की तरफ से कोई शिकायत नहीं की गयी है। शिकायत मिलने पर कार्यवाही की जायेगी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले में वन विभाग के लोगों की मिली भगत है, इसलिए डीएफओ, रेंजर व फारेस्टर को संस्पेड किया जाये।

Parvatanchal