मित्र पुलिस: यात्रा मार्ग में परिजनों से बिछड़े नाबालिग को परिजनों से मिलाया पुलिस ने
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग के भीमबली में परिजनों से बिछड़ चुके नाबलिग को पुलिस ने परिजनों से मिलवाया। बेटे को सकुशल पाकर परिजन ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। बीते गुरुवार को केदारनाथ पैदल मार्ग पर भीमबली क्षेत्र में एक नाबालिग अकेले घूमता हुआ पाया गया। जिसने अपना नाम टिंकू पुत्र शंकर उम्र 9 वर्ष निवासी कानपुर उत्तर प्रदेश बताया। वह केदारनाथ जाते समय अपने परिजनों से बिछड़ गया था। जिसे सुरक्षा को देखते हुए चौकी भीमबली लाकर यात्रा पड़ाव की सभी चौकियो से अनाउंसमेंट कराया गया। चौकी प्रभारी भीमबली यशपाल सिंह रावत को केदारनाथ से रात्रि साढ़े आठ बजे बालक के परिजन ने कॉल कर बताया कि केदारनाथ में अनाउंसमेंट के जरिए पता चला कि हमारा भाई टिंकू भीमबली चौकी में है।
बालक के परिजनों ने रात्रि के समय भीमबली आने में असमर्थता जताई। चौकी भीमबली पुलिस ने नाबालिग को अपने साथ रखा। शुक्रवार को बालक के पड़ोसी भाई पुष्पेंद्र पाल जोरौली कानपुर शहर उत्तर प्रदेश केदारनाथ से वापस भीमबली आए। बताया कि टिंकू के माता पिता का करीब डेढ़ दो साल पहले देहांत हो गया था। वह पड़ोसी होने के नाते इसका पालन पोषण अपने बच्चे की तरह ही करता हूं। उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं केदारनाथ यात्रा को गौरीकुण्ड से चले हिसार, हरियाणा निवासी मां-बेटा आपस में आगे पीछे हो गए। बेटे से बिछड़ चुकी मां प्रेमा देवी ने केदारनाथ मन्दिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को अपनी परेशानी बताई। पुलिस ने उनके बेटे रूपेश का निरन्तर अनाउंसमेंट कराया। आपसी समन्वय से नीचे की चौकियों सहित केदारनाथ धाम में ही पुलिस कार्मिकों के आपसी समन्वय के लिए बनाए गए व्हट्सएप ग्रुप्स में भी संदेश छोड़ा गया। लंबे प्रयासों के बाद मां अपने बेटे से मिलकर खुशी से भावुक हो उठी।
