ताकीद:बिना अनुमति के मुख्यालय न छोड़ें अधिकारी, डीएम निकिता खंडेलवाल ने दी हिदायत
नई टिहरी। डीएम नितिका खंडेलवाल ने आसन्न मानसून में आपदा से निपटने के लिए विभागाध्यक्षों को समन्वय से काम करने की हिदायत दी। इसके साथ ही कड़े निर्देश जारी करते हुए आगामी 30 सितंबर तक अधिकारियों को बिना अनुमति जिला मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगाई है। आपदा के दौरान मोबाइल फोन स्विच आफ व नाट रिचेबल करने पर कड़ी कार्यवाही भी चेतावनी दी है। डीएम ने मानसून को लेकर 15 जून से लेकर आगामी 30 सितंबर तक गतिमान चारधाम यात्रा के दौरान अलर्ट रहकर कार्य करने को भी कहा। आपातकाल में सभी संसाधनों को उपयोग के लिए तैयार करने व आपदा संभावित क्षेत्रो को लेकर सजग रहने को निर्देशित। डीएम ने निर्देश दिए कि आपदा प्रबन्धन अधिनियम-2005 के अध्याय 4 की धारा-30 के अनुसार जनपद क्षेत्रान्तर्गत समस्त विभागाध्यक्ष, कार्यालयाध्यक्ष एवं अधिकारी मानसून सत्र के दृष्टिगत अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहेंगे एवं कार्य दिवस सहित अवकाश दिवस में भी अपना मुख्यालय व क्षेत्र नहीं छोडेंगे। किसी भी स्थिति में अपना मोबाईल स्विच ऑफ या नॉट रिचेबल न करते हुए चौबीसों घण्टे अपने मोबाईल को आन व एक्टिवेट स्थिति में रखेंगे। यदि मुख्यालय छोड़ना अपरिहार्य हो, तो डीएम की अनुमति अनिवार्य रूप से प्राप्त करना आवश्यक होगा। अपने स्थान पर अपने प्रतिस्थानी का स्पष्ट उल्लेख नाम व सम्पर्क नम्बर के साथ करना होगा। डीएम ने निर्देश दिए कि इस सम्बन्ध में अपने विभागों में कार्यरत समस्त अधीनस्थकार्मिकों को भी विभागाध्यक्ष निर्देशित करेंगे। ताकि आपदा से सम्बंधित कामों का क्रियान्वयन बिना बाधा के किया जा सके।
