एक्शन: विजिलेंस टीम की छापेमारी में बिजली चोरी करते पकड़े गए 8 लोग
रुड़की। ऊर्जा निगम और विजिलेंस टीम की ओर से मंगलवार को झबरेड़ा क्षेत्र के तीन गांव में छापेमारी कर बिजली चोरी करते हुए आठ लोगों को रंगे हाथ पकड़ा है। विजिलेंस की टीम की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। कस्बा झबरेड़ा विद्युत उपखंड अधिकारी रिजवान अली ने जानकारी देते हुए बताया कि ऊर्जा निगम की टीम और विजिलेंस टीम ने बिजली चोरी रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन गांव में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान विजिलेंस टीम ने झबरेडी कला गांव से ईश्वर को एलटी लाइन पर केवल डालकर कृषि उपयोग के लिए बिजली चोरी करते रंगे हाथ पकड़ लिया। कुलबीर को घरेलू उपयोग के लिए बिजली चोरी करते पकड़ा गया। गांव मानकपुर आदमपुर में पप्पी, नरेश, अर्जुन, छोटन को एलटी लाइन पर केवल डालकर बिजली चोरी करते पकड़ा। वहीं जब नगला कुबड़ा गांव में छापेमारी की गई तो दिनेश और विनोद को एलटी लाइन पर केवल डालकर घरेलू उपयोग के लिए बिजली चोरी करते पाए गए। इस दौरान ऊर्जा निगम की टीम ने बिजली चोरी कर रहे उपभोक्ताओं के केबल जप्त कर लिए। साथ ही मामले की तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की। इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर दिया है। इस दौरान टीम में इंस्पेक्टर विजिलेंस मारुत शाह, संजीव त्यागी, सहायक अभियंता विजिलेंस धनंजय कुमार, अनिल सिंह, रोबिन सिंह आदि मौजूद रहे।

