चारधाम यात्रा: पुलिस का ‘ऑपरेशन लगाम’ जारी ,शांति व्यवस्था भंग करने वालों का चालान
चमोली। चारधाम यात्रा के सुचारू और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने एक विशेष अभियान ‘ऑपरेशन लगाम चलाया है। ‘ऑपरेशन लगाम के तहत पुलिस विशेष रूप से सड़कों, नदियों के किनारे, कॉलेज/हॉस्टल के आसपास, और वाहनों में बैठकर शराब पीने, हुड़दंग मचाने, लड़ाई-झगड़ा करने, रैश ड्राइविंग, अवैध हूटर का उपयोग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। ‘ऑपरेशन लगाम के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यवाही करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर लड़ाई-झगड़ा कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले 11 व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की है।
केस 1:- एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों के बीच गोविंदधाम में किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया। विवाद की सूचना मिलने पर गोविंदधाम में तैनात चौकी घांघरिया पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने और मामले को सुलझाने का काफी प्रयास किया। दोनों पक्ष अपनी बात पर अड़े रहे और आपसी विवाद को सुलझाने या समझने को तैयार नहीं हुए। यात्रियों के सहयोग न करने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी घांघरिया लाया गया। चौकी पर भी उन्हें समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बनी। जिसके पश्चात कानून व्यवस्था बनाए रखने और मामले में आवश्यक कार्यवाही करते हुए, पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही की। पुलिस ने इस मामले में सुखजिंदर सिंह निवासी पटियाला उम्र 43 वर्ष , जसनप्रीत निवासी पटियाला उम्र 19 वर्ष, राजेंद्र सिंह निवासी पटियाला उम्र 40 वर्ष और प्रिंस सिंह निवासी पटियाला उम्र 19 वर्ष के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
केस 2:- कर्णप्रयाग कोतवाली को 7 जून को सूचना मिली थी कि ढूंढ पंचपुलिया कर्णप्रयाग के पास कुछ यात्री सड़क पर लड़ाई-झगडा कर शान्ति व्यवस्था भंग कर रहे हैं। सूचना पर कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर यात्रियों को समझाने का प्रयास किया गया। लेकिन, वे नहीं मानें। इसपर पुलिस ने दोनों पक्षों में शामिल तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में तीनों के विरूद्ध पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही की गयी। इसके अतिरिक्त इसी मामले से यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा वाहन से संबंधित दस्तावेज पूरे न होने पर मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत ₹2500-₹2500 का जुर्माना भी वसूला।
केस 3 पुलिस ने बताया कि कर्णप्रयाग को सूचना मिली कि कनखुल बैंड के पास कुछ स्थानीय लोगों व यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने विवाद को शांत करने का प्रयास किया गया। लेकिन दोनों पक्ष सुनने को तैयार नहीं थे। जिसके पश्चात दोनों पक्षों को कोतवाली लाया गया। जहां पुलिस ने प्रकरण के संबंध में पूर्ण जानकारी प्राप्त की। जांच के बाद सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने पर चार व्यक्तियों रणजीत सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम पीपली थाना लोहिया जिला जालंधर पंजाब, बलजीत सिंह उम्र 25 वर्ष निवासी जालंधर, लखविंद्र सिंह उम्र 23 वर्ष निवासी जालंधर, सुखमनप्रीत सिंह उम्र 24 वर्ष निवासी जालंधर के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
हुड़दंग करने पर 18 का किया चालान
उधर, ऑपरेशन लगाम के तहत पौड़ी पुलिस द्वारा भी लगातार संदिग्ध वाहनों की चेकिंग करने के साथ-साथ, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि बीते शनिवार की देर शाम को चले अभियान के तहत कोटद्वार, पौड़ी व श्रीनगर पुलिस ने धार्मिक व पर्यटक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले 18 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर चालानी कार्रवाई की है। बताया कि कोटद्वार पुलिस ने 7, पौड़ी ने 6 और श्रीनगर ने 5 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी ने बताया कि सार्वजनिक, धार्मिक स्थलों पर हुड़दंग करने व पर्यटक स्थलों पर नशा कर हुडदंग करने व गंदगी करने वालों के विरुद्ध पौड़ी पुलिस की कार्यवाही निरंतर जारी है।

