शिकंजा: विद्यालय से चोरी हुए सामान सहित दो गिरफ्तार,रंगेहाथ पकड़ा गया दानपात्र चुराकर भाग रहा युवक
रुड़की। राजकीय जूनियर हाई स्कूल अकबरपुर झोझा के प्रधानाध्यापक जुल्फकार अली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीती दो जून की रात को किसी ने विद्यालय के कमरों का ताला तोड़कर वहां से डीवीआर, एलइडी, दो बैटरी, इनवर्टर आदि चोरी कर लिया था। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु की। निशानदेही के आधार पर पुलिस ने मंगलवार रात को भिस्तीपुर निवासी राहुल को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर विद्यालय से सामान चोरी किया था। चोरी के सामान को लाठरदेवाशेख निवासी राशिद खान को बेचा गया था। पुलिस ने राशिद खान के घर दबिश देकर चोरी का सामान बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है। मुख्य आरोपी के दो अन्य साथियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
दूसरी ओर, भोगपुर गांव स्थित दुर्गा मंदिर से एक युवक ने दान पात्र चोरी कर लिया। चोर को ग्रामीणों ने मंगलवार को रंगेहाथ पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की। आरोपी की निशानदेही पर दान पात्र गन्ने के खेत से बरामद कर लिया गया। ग्रामीणों ने आरोपी को भिक्कमपुर चौकी पुलिस के हवाले कर दिया है। भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के गांव भोगपुर निवासी संजय, टोनी, अनुकूल, सोनू, दीपक, टीनू, जीतू समेत अन्य ग्रामीणों ने मंगलवार देर रात को गांव के ही एक युवक को मंदिर के पास पकड़ लिया। उससे ग्रामीणों ने पूछताछ की तो वह घबरा गया। शक्ति से पूछने पर युवक ने कबूल किया कि उसने मंदिर से दान पात्र चोरी कर पास ही गन्ने के खेत में फेंक दिया है। मौके पर एकत्र हुए बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने चोरी किए गए दानपात्र को गन्ने के खेत से बरामद कर लिया और उसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर धुनाई की। जिसके बाद उसे भिक्कमपुर पुलिस को सौंप दिया।

