दुखद: यूपी में कुश्ती लड़ते हुए मारा गया उत्तराखंड का पहलवान
प्रतीकात्मक फोटो
पंचायत में निबटा दिया गया मामला, वीडियो वायरल हुआ तो हो गया खुलासा
संवाददाता
काशीपुर, 09 सितंबर। यूपी के मुरादाबाद जनपद में बिना इजाजत के आयोजित एक दंगल प्रतियोगिता उत्तराखंंड के एक उभरते पहलवान की दुखद मौत का सबब बन गई। पता चला है कि कुश्ती के दौरान उत्तराखंड से प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे पहलवान की गर्दन टूटने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, उक्त प्रतियोगिता बिना अनुमति के आयोजित की गई थी, जिसमें एक पहलवान के दांव से दूसरे पहलवान की गर्दन टूट गई और अखाड़े में ही उसने दम तोड़ दिया। कुश्ती के दौरान अखाड़े में ही पहलवान की मौत का लाइव वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने किसी भी तरह की कोई कार्रवाई अब तक नहीं की है।
यहां मिली जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा कोतवाली इलाके के फरीदनगर में एक दंगल चल रहा था। उसमें उत्तराखंड के उधमसिंहनगर के गंगापुर निवासी महेश भी भाग लेने पहुंचा था। बताया जाता है कि महेश का मुकाबला जब स्थानीय पहलवान साजिद अंसारी से शुरू हुआ तो साजिद ने दांव लगा कर महेश को गर्दन के बल चित कर दिया। इसके बाद साजिद ने दो-तीन बार महेश की गर्दन को हिला कर छोड़ दिया। इस दौरान वहां मौजूद लोग तालियां भी बजा रहे थे। गौरतलब है कि यह कुश्ती प्रतियोगिता 2 सितंबर को नौमी के मेले में बिना अनुमति के आयोजित की गई थी। घटना का शर्मनाक पहलू यह है कि हादसे के बाद लगाई गई पंचायत में पहलवान महेश की मौत का सौदा 60 हजार रुपये में कर दिया गया। 6 दिन बाद जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों की इसकी भनक लगी। हालांकि पुलिस अभी भी किसी भी तरह की जानकारी से इंकार कर रही है। इस घटना के बाद से मृतक पहलवान महेश के परिवार में ग़म का माहौल बना हुआ है।

