केदारनाथ हेली सेवा फर्जीवाड़ा,एसटीएफ ने मेटा को लिखी चिट्ठी

केदारनाथ हेली सेवा फर्जीवाड़ा,एसटीएफ ने मेटा को लिखी चिट्ठी
Spread the love

देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर हो रही साइबर ठगी के खिलाफ एसटीएफ का लगातार अभियान जारी है। अभियान के तहत अब तक इस साल जनवरी से मई तक 136 फर्जी वेबसाइट, 117 मोबाइल नंबर, 61 बैंक खाते, और 35 व्हाट्सएप नंबर ब्लॉक या फ्रीज किए जा चुके हैं।
साल 2023 में 64 फर्जी वेबसाइटों को ब्लॉक कराया गया था। साथ ही साल 2024 में 18 फर्जी वेबसाइटों, 45 फेसबुक पेज, 20 बैंक अकांउट को चिह्नित कर ब्लॉक किया गया है.
बता दें साइबर अपराधियों ने अब फेसबुक एड्स/पेज से ठगी करने के तरीके निकाले हैं. पहले अपराधी वेबसाइटों के माध्यम से ठगी करते थे, लेकिन एसटीएफ की सख्ती के बाद अब फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी पेज बनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ये पेज एडवर्टाइजमेंट बूस्ट के जरिए अधिक से अधिक यूजर्स तक पहुंचते हैं। उन्हें फर्जी बुकिंग लिंक्स पर ले जाते हैं। एसटीएफ की टीम फर्जी वेबसाइट्स, बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया पेजों को ट्रैक कर समय पर कार्रवाई कर रही है। गूगल की तरह अब मेटा पर डिजिटल नियंत्रण की पहल की जा रही है। इस तरह की धोखाधड़ी को रोकने के लिए कुछ तकनीकी समाधान के कार्यान्वयन के संबंध में मेटा कंपनी को पत्र लिखा गया है। साथ ही गूगल ने पहले ही केदारनाथ हेली टिकट बुकिंग जैसे कीवर्ड्स पर नियंत्रण लागू कर दी थी। जिससे फर्जी विज्ञापनों की संख्या में कमी आई. अब यही पहल डमजं प्लेटफॉर्म्स पर लागू करने के लिए पत्राचार तेज किया गया है।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह ने बताया कि पिछले साल भी टीम ने सर्वाधिक फर्जी वेबसाइटों को ब्लॉक कराया था। उनके प्रयासों से अब साइबर अपराधियों ने वेबसाइट की बजाय फेसबुक पर फर्जी पेज बनाकर एडवर्टाइजमेंट बूस्ट करके लोगों को ठगना शुरू किया है। इससे सावधान रहें।

Parvatanchal