सहूलियत: सड़क ने बदल दी ग्रामीणों की सामाजिक-आर्थिक तस्वीर, जन-जीवन बनाया सुविधाजनक

सहूलियत: सड़क ने बदल दी ग्रामीणों की सामाजिक-आर्थिक तस्वीर, जन-जीवन बनाया सुविधाजनक
Spread the love

 

अल्मोड़ा।  प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित खिड़ा से खजुरानी तक की सड़क ने चौखुटिया क्षेत्र के दूरस्थ गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है। करीब 18.4 किलोमीटर लंबी इस सड़क ने न केवल ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही को सरल किया है, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार लाया है। खजुरानी गांव की 571 की आबादी अब सीधे चौखुटिया बाजार से जुड़ गई है। पहले जहां ग्रामीणों को चिकित्सा, शिक्षा और कृषि उत्पादों की बाजार तक पहुंच के लिए 10 किलोमीटर या उससे अधिक पैदल चलना पड़ता था, वहीं अब मोटरमार्ग से यह दूरी न केवल घटी है, बल्कि आवश्यक सेवाएं भी सहजता से मिलने लगी हैं। अधिशासी अभियंता, पीएमजीएसवाई द्वाराहाट के अनुसार यह सड़क ग्रामीणों की आर्थिकी मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है। इस सड़क के निर्माण से छोटे किसान अब अपने खेतों में उगाई सब्जियों, फलों और अन्य कृषि उत्पादों को बाजार तक सरलता से पहुंचा पा रहे हैं, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि हुई है। सड़क ने ग्रामीणों को चौखुटिया और बछुवाबाण (चमोली) से जोड़ने का नया मार्ग दिया है। इसके साथ ही यह मार्ग खीड़ा, गोदी, बगड़ी और छितार जैसे गांवों के बीच संपर्क स्थापित कर रहा है, जिससे सामुदायिक जुड़ाव भी बढ़ा है। यह सड़क न केवल यातायात का माध्यम बनी, बल्कि ग्रामीण विकास का आधार बनकर उभरी है। इसके चलते स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार के अवसरों की उपलब्धता में बढ़ोतरी हुई है। चिकित्सा, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं तक अब गांवों की पहुंच आसान हो गई है। खिड़ा-खजुरानी सड़क आज इन गांवों के लिए एक नई उम्मीद बनकर सामने आई है, जो आने वाले समय में क्षेत्रीय विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Parvatanchal